आलापुर तहसील में आम आदमी बीमा योजना के तहत छात्रवृत्ति का चेक प्राप्त करते छात्र छात्राएं व मौजूद अन्य लोग।
- फोटो : अमर उजाला
निर्धन परिवार के बच्चे अब शिक्षा से वंचित नहीं होंगे। इसके लिए सूबे के युवा मुख्यमंत्री पूरी तरह से संवेदनशील हैं। उक्त बातें शुक्रवार को आलापुर तहसील के वसुधा सिंह सभागार में आम आदमी बीमा योजना के तहत आच्छादित परिवारों के बच्चों को छात्रवृत्ति का चेक व बीमा धारकों के नामिनी को बीमा राशि का चेक सौंपते हुए विधायक भीमप्रसाद सोनकर ने कही।
समारोह में 42 गांवों के 342 छात्र छात्राओं को 600-600 रुपए की धनराशि तथा तीन मृतक परिवार की महिला को 30-30 हजार रुपए का चेक सौंपा। विधायक ने कहा कि प्रदेश का चौमुखी विकास सपा शासनकाल में हो रहा है। विकास कार्यों के साथ-साथ आम जनता में खुशहाली लाने का प्रयास भी युवा मुख्यमंत्री कर रहे हैं।
साथ ही आगे भी प्रदेश सरकार द्वारा ऐसी तमाम योजनाओं से आम जनता को आच्छादित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता कर रहे एसडीएम नरेन्द्र सिंह ने बताया कि योजना के तहत शुक्रवार को 42 गांव के कुल 342 छात्र छात्राओं को 600-600 रुपए का चेक सौंपा गया है।
इसके तहत शासन से कुल 2 लाख 5 हजार 200 रुपए स्वीकृत हुआ था। इसके अलावा आम आदमी बीमा योजना के तहत चयनित तीन परिवारों के गृहस्वामियों की मौत के बाद उनकी पत्नी को 30-30 हजार रुपए की सहायता राशि दी गई।
इसमें भौरा की रामरती पत्नी स्व अर्जुन, कौड़ाही की तारा देवी पत्नी स्व राजेन्द्र व सैदपुर लेड़आडीह की सलावती पत्नी स्व अशोक शामिल हैं। तहसीलदार रमेश मौर्य ने बताया कि आम आदमी बीमा योजना के भूमिहीन गरीब परिवारों का चयन किया जाता है।
नायब तहसीलदार रानी गरिमा पालीवाल ने बीमा योजना के बारे में जानकारी दी। जिला पंचायत सदस्य प्रद्युम्न यादव ने सपा की उपलब्धियों के बारे में लोगों को जानकारी दी।