जलालपुर के कर्बला कासिमपुर गांव में बांस के सहारे बिजली आपूर्ति।
अंबेडकरनगर। रिवेंप्ड, बिजनेस प्लान, सौभाग्य तो कभी कोई अन्य योजना चलाकर बिजली व्यवस्था में सुधार के काम कराए जाते हैं। बीते एक दशक में 300 करोड़ों रुपये से अधिक की रकम पावर कॉर्पोरेशन खर्च कर चुका है, लेकिन शहर हो या ग्रामीण क्षेत्र, हर तरफ अभी भी बिजली व्यवस्था बेपटरी है। बड़ी संख्या में लोगों को पेड़ों और बांस-बल्ली के सहारे बिजली कनेक्शन दिए गए हैं। कहीं-कहीं तो पोल की दूरी 200 मीटर से अधिक होने के बाद भी जिम्मेदारों ने आंख मूंदकर कनेक्शन बांट दिए, जबकि नियम अनुसार पोल से 40 मीटर तक ही कनेक्शन दिया जा सकता है। इससे अधिक दूरी होने पर विभाग एस्टीमेट बनवाता है, फिर नया पोल लगाने के बाद कनेक्शन दिया जाता है।
मुख्य सड़क से अंत्येष्टी स्थल तक 10 खंभों की जरूरत
जलालपुर के कर्बला कासिमपुर बिजलीघर से 15 गांव को बिजली आपूर्ति की जाती है। गौसपुर काकरहिया गांव में बने अंत्येष्टि स्थल व 300 वर्ष पुराने शिवमंदिर के लिए बांस-बल्ली के सहारे बिजली के तार खींचे गए हैं। यहां हर दिन लोगों की भीड़ रहती है। ऐेसे में तार टूटकर गिरने की आशंका बनी रहती है। मंदिर समिति के अध्यक्ष अरुण सिंह ने बताया कि कई बार शिकायत के बाद भी बिजली विभाग संज्ञान नहीं ले रहा है। मुख्य सड़क से अंत्येष्टी स्थल तक करीब 10 खंभों की जरूरत है।
खेतों के ऊपर लटक रहे बिजली के जर्जर तार
नेवाद बिजलीघर के पेठिया पैकौलिया गांव में 12 किसानों के खेत के ऊपर से 11 केवीए की लाइन निकली है। कई दशक पूर्व खींचे गए बिजली के तार जर्जर होकर लटक रहे हैं। लाइन से कुछ दूरी पर प्राथमिक विद्यालय भी संचालित है। किसानों के साथ ही नौनिहालों की जान भी हमेशा खतरे में रहती है। इसके बावजूद बिजली विभाग लटकते तारों को ठीक करने की जहमत नहीं उठा रहा है।
जल्द अधूरे काम होंगे पूरे
बिजली संसाधनों को बेहतर करने के लगातार कार्य कराए जा रहे हैं। जहां कार्य अधूरे हैं, उनको बिजनेस प्लान के तहत सर्वे कराकर कराया जाएगा। ढीले बिजली के तारों को ठीक कराया जा रहा है। -राजकुमार त्रिपाठी, अधीक्षण अभियंता
जलालपुर के कर्बला कासिमपुर गांव में बांस के सहारे बिजली आपूर्ति।