निजीकरण के विरोध में शुक्रवार को देशव्यापी आह्वान पर जिले के सात बैंकों की 30 शाखाओं के कर्मचारी पूरी तरह हड़ताल पर रहे। इससे लगभग चार करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ। उपभोक्ताओं को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उधर, श्रमिक संगठनों के आह्वान के बावजूद परिवहन व दूरसंचार विभाग पर हड़ताल का कोई प्रभाव नहीं पड़ा। इन विभागों में प्रतिदिन की तरह काम होते रहे।
गौरतलब है कि 12 सूत्री मांगों को लेकर दस श्रमिक संगठनों ने देशव्यापी हड़ताल की घोषणा की थी। इसमें बैंक, दूरसंचार व परिवहन विभाग के कर्मचारियों को भाग लेना था। शुक्रवार को हुई हड़ताल में जिले के सात बैंकों बैंक ऑफ बड़ौदा, इलाहाबाद बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, ओरियंटल बैंक, सिंडीकेट बैंक व कारपोरेशन बैंक की कुल 30 शाखाओं के कर्मचारी हड़ताल पर रहे।
प्रतिदिन की तरह शुक्रवार सुबह कर्मचारी संबंधित शाखाओं पर पहुंचे लेकिन कार्य करने की बजाए मुख्य गेट पर ताला बंद कर प्रदर्शन करने लगे। बैंक यूनियन अध्यक्ष एसके उपाध्याय ने केंद्र सरकार पर श्रमिक विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा गया कि कर्मचारी पूरी ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं लेकिन उनकी समस्याओं के निस्तारण की सुध किसी को नहीं है।
कर्मचारी रंजीत कुमार व एमके उपाध्याय ने कहा कि न्यूनतम मासिक मजदूरी 18 हजार किए जाने, नियंत्रित कीमत में बढ़ोतरी व निश्चित मासिक पेंशन तीन हजार किए जाने समेत कुल 12 मांगों को लेकर लंबे समय से आवाज बुलंद की जा रही है लेकिन इस तरफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। इससे श्रमिक अपने को ठगा सा महसूस कर रहे हैं।
अजय मौर्य, मोहम्मद यूनुस, अजय तिवारी व अरुण कुमार ने कहा कि यदि शीघ्र ही उनकी मांगों का निस्तारण नहीं किया गया तो आगे भी बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा। जिला मुख्यालय के अलावा ग्रामीण क्षेत्र की विभिन्न बैंक शाखाओं में हड़ताल के चलते उपभोक्ताओं को धन निकासी व अन्य कार्यों के लिए भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
हालांकि स्टेट बैंक व ग्रामीण बैंक की शाखाएं खुली होने के कारण इससे जुड़े उपभोक्ताओं को राहत रही लेकिन तब भी हजारों की संख्या में उपभोक्ताओं को इधर-उधर भटकना पड़ा। हड़ताल के चलते धननिकासी व जमा करने को लेकर बैंक पहुंचे लोग खासे परेशान हुए। इस बीच बैंक शाखाओं में हड़ताल के चलते लगभग चार करोड़ रुपये के लेनदेन का कार्य प्रभावित होने का अनुमान है।
एलडीएम अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि जिले की 40 प्रतिशत बैंक शाखाओं में हड़ताल के चलते कार्य नहीं हुआ। इससे लगभग 4 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ है। अन्य बैंक शाखाओं में सुचारु रूप से कार्य हुए हैं।