टांडा। वध के लिए पिकअप पर लादकर ले जाए जा रहे वध प्रतिबंधित तीन पशुओं को पुलिस ने घेराबंदी कर बरामद कर लिया। साथ ही दो को गिरफ्तार भी कर लिया। बाद में पकड़े गए दोनों तस्करों का विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह टांडा कोतवाली में तैनात दरोगा धर्मेंद्र कुमार सरोज हमराह सिपाहियों के साथ गश्त पर थे। इस बीच मुखबिर से सूचना मिली कि पिकअप पर वध प्रतिबंधित पशुओं को लादकर वध के लिए टांडा ले जाया जा रहा है। कोतवाली प्रभारी संजय पाण्डेय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बहलोलपुर हाइवे पर घेराबंद कर दी। कुछ ही देर में एक पिकअप आता दिखा। पुलिस कर्मियों ने जब उसे रुकने का इशारा किया तो चालक ने वाहन की गति बढ़ा दी। हालांकि पुलिस कर्मियों ने दौड़ाकर वाहन को पकड़ लिया। इसमें तीन बछड़े लदे हुए थे। वाहन पर चालक समेत दो लोग मौजूद थे।
उनसे जब इस संबंध में पूछा गया तो बताया कि वह अलीगंज थाना अन्तर्गत तलवापार पशुओं को ले जा रहे थे। जब उनसे इस संबंध में कागजात मांगे तो वह कोई जानकारी नहीं दे सके। इस पर वाहन को थाने ले जाया गया। एसओ ने बताया कि पशुओं की देखरेख के लिए उन्हें ग्रामीणों को सौंप दिया। पकड़े गए दोनों की पहचान रामू व रामजी निवासी पियारेपुर तेंदुआ कोतवाली टांडा के रूप में हुई। बताया कि दोनों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया।