अंबेडकरनगर के संत कबीर इंटर कॉलेज में डीएलएड् की परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थी।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। जिले में सोमवार को दो केंद्रों पर डीएलएड की परीक्षा हुई। तीन पालियों में होने वाली परीक्षा में कुल 637 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें 338 परीक्षार्थियों ने ही संबंधित केंद्र पर परीक्षा दी, जबकि 299 अभ्यर्थियों ने परीक्षा से किनारा कर लिया। परीक्षा को सकुशल निपटाने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।
जिले में रविवार से डीएलएड की परीक्षा प्रारंभ हुई थी। वैसे तो परीक्षा के लिए जिले में कुल सात केंद्र बनाए गए हैं, लेकिन सोमवार को दूसरे दिन दो केंद्रों पर परीक्षा हुई। डायट के लिपिक सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार को रामदेव जनता इंटर कॉलेज कटेहरी व संतकबीर इंटर कॉलेज सैदापुर में डीएलएड की परीक्षा तीन पालियों में हुई। इन दोनों केंद्रों पर कुल 637 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी।
299 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे, जबकि 338 परीक्षार्थियों ने संबंधित केंद्र पर पहुंचकर एग्जाम दिया। बताया कि रामदेव जनता इंटर कॉलेज कटेहरी में 136 परीक्षार्थियों की तुलना में 96 ने परीक्षा दी, जबकि 40 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार संतकबीर इंटर कॉलेज सैदापुर में पंजीकृत 501 परीक्षार्थियों की तुलना में 242 ने परीक्षा दी, जबकि 259 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।