अंबेडकरनगर। पांच केंद्रों पर रविवार को नीट परीक्षा आयोजित हुई। इसमें 2927 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 64 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। 2863 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। सघन तलाशी व बायोमीट्रिक सत्यापन के बाद परीक्षार्थियों को केंद्र के अंदर प्रवेश दिया गया।
दोपहर 2 बजे से 5:20 बजे तक चली परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों को दो घंटे पहले ही केंद्र पर बुला लिया गया। अकबरपुर नगर के बीएन इंटर कॉलेज, डॉ. एके पब्लिक स्कूल, तक्षशिला एकेडमी व ग्रिफिन पब्लिक स्कूल के अलावा जलालपुर के रेडियंट कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। सभी परीक्षा केंद्रों पर दोपहर करीब 12 बजे से छात्र-छात्राओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। गेट पर लगे सीट प्लान को देखने के लिए छात्र-छात्राओं में आपाधापी दिखी।
तलाशी के बाद परीक्षार्थियों को सिर्फ आधारकार्ड, प्रवेश पत्र व पेन ले जाने की छूट दी गई। कोविड प्रोटोकॉल का पालन भी गंभीरता से कराया गया। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक के अलावा दो-दो पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई थी। परीक्षा प्रभारी अखिलेश शुक्ल ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में निपटी। परीक्षा केंद्रों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती भी रही। (संवाद)