बसखारी (अंबेडकरनगर)। नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा से अध्यक्ष पद के लिए भीम आर्मी आजाद समाज पार्टी प्रत्याशी गुलाम रब्बानी ऊर्फ गुड्डू कबाड़ी का मतदाताओं को पैसे बांटने का वीडियो रविवार को वायरल हो गया। पुलिस ने इस पर प्रत्याशी व कुछ समर्थकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
निकाय चुनाव के अंतिम दौर में मतदाताओं को अपने-अपने पक्ष में करने के लिए कई तरह के हत्थकंडे अपनाए जा रहे हैं। इसमें मतदाताओं को पैसे बांटने से लेकर साड़ी व कपड़े आदि बांटने की भी खबरें सामने आईं हैं। इसी क्रम में किछौछा से भीम आर्मी प्रत्याशी का पैसे बांटते वीडियो रविवार को वायरल हो गया। वे अपने कुछ समर्थकों के साथ मतदाताओं से समर्थन की अपील करने के साथ ही उन्हें पैसे भी देते दिखे। किसी ने इसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
अधिकारियों ने फौरन इसका संज्ञान लेते हुए केस दर्ज करने का निर्देश दे दिया। इसके बाद बसखारी थाने में दरोगा विजय सोनी की तहरीर पर पुलिस ने प्रत्याशी और कुछ अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी अश्विनी कुमार मिश्रा ने बताया कि मतदाताओं को पैसे बांटने के आरोप में केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। उधर प्रत्याशी का कहना है कि वीडियो पुराना है। होली, दीपावली और ईद पर आम परिवारों को खुशी से पर्व मनाने के लिए आर्थिक मदद की थी।