सीएचसी अकबरपुर में एचपीवी वैक्सीन लगाती स्वास्थ्य कर्मी मौजूद सीएमओ व अन्य।
अंबेडकरनगर। जनपद में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एक स्वास्थ्य अभियान शुरू किया गया है। सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अकबरपुर में सिंगल डोज एचपीवी वैक्सीन टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके तहत जिले की 28 हजार किशोरियों को टीके लगाए जाएंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संजय कुमार शैवाल ने तीन किशोरियों को टीका लगाकर इस अभियान की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि एचपीवी वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर को रोकने में बेहद असरदार है। यह किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए एक बड़ा कदम है।
बताया कि प्रथम चरण में 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को शामिल किया गया है। विशेष रूप से उन बालिकाओं का टीकाकरण होगा जिनका जन्म दिसंबर 2010 से मार्च 2012 के बीच हुआ है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मार्कंडेय प्रसाद ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी पात्र बेटियों को यह टीका जरूर लगवाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि समय पर टीकाकरण ही भविष्य में कैंसर के खतरे को कम कर सकता है।
कार्यक्रम का संचालन प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. नूर अहमद ने किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।