बसखारी (अंबेडकरनगर)। क्षेत्र की ग्राम पंचायत कल्यानपुर ऊदनपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची तैयार करते समय बड़ी लापरवाही सामने आई है। सर्वे के दौरान चिह्नित किए गए पात्रों में से 28 नाम पोर्टल से गायब हैं। शिकायत मिलने पर खंड विकास अधिकारी ने जांच के लिए टीम गठित की गई है।
अप्रैल से 15 मई तक हुए सर्वे में बोरिंग टेक्नीशियन अमन यादव को जिम्मेदारी दी गई थी। उन्होंने कुल 64 लोगों को योजना के लिए पात्र बताया था, लेकिन जांच में सामने आया कि सिर्फ 36 लोगों का डेटा पोर्टल पर चढ़ा है। शेष 28 लोगों का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। ग्राम प्रधान माया सिंह ने इस गड़बड़ी की जानकारी मिलते ही संबंधित ग्रामीणों को साथ लेकर बीडीओ दिनेश राम से शिकायत की। उन्होंने सर्वे में लापरवाही और नाम हटने को लेकर कार्रवाई की मांग की।
बीडीओ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सिंचाई विभाग के जेई हेमंत तिवारी और एडीओ कोऑपरेटिव की दो सदस्यीय टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए हैं। बीडीओ ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी। पात्र लोगों का नाम पोर्टल पर जोड़ने के लिए डिमांड भी भेजी जाएगी। (संवाद)