अंबेडकरनगर। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के तहत संचालित राष्ट्रीय आय व योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा 2026-27 का परिणाम घोषित हो गया है। जिले ने लगातार चौथी बार इस परीक्षा में शत-प्रतिशत सफलता हासिल की है, जिसमें 275 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ है।
इस परीक्षा के नोडल समन्वयक नीरज यादव ने बताया कि जनपद के 279 कोटे के सापेक्ष 275 विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लिए सफल हुए हैं। चार सीटें अनुसूचित जनजाति के बच्चों के लिए आरक्षित थीं, जो उनके उपलब्ध न होने के कारण खाली रह गईं। इस परीक्षा के लिए जनपद से कुल 2645 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2332 बच्चों ने परीक्षा में भाग लिया था।
उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को कक्षा नौ से 12 तक किसी राजकीय या अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय में अध्ययन करने पर प्रति माह एक हजार रुपये की दर से चार वर्षों तक कुल 48,000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। परीक्षा में उत्तीर्ण सभी मेधावी बच्चों को डायट प्राचार्य ब्रजेश उपाध्याय, डीआईओएस प्रवीण कुमार तिवारी, बीएसए शैलेश कुमार पटेल, जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) डॉ. सुरेश कुमार तिवारी ने उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।