अंबेडकरनगर। इब्राहिमपुर थाना परिसर में पुलिस कर्मियों को रहने के लिए 26 आवास बनाए जाएंगे। इसके लिए शासन ने 5.60 करोड़ रुपये का बजट मुहैया कराया है। परिसर में थाना प्रभारी के अलावा नौ उपनिरीक्षक, 53 आरक्षी व नौ महिला पुलिसकर्मी तैनात हैं।
थानाध्यक्ष के अलावा सात उपनिरीक्षक आवास हैं, जबकि एक आवास हेड मोहर्रिर के लिए है। मॉडर्न आवास में 48 पुलिसकर्मी रहते हैं। थाना पर कर्मचारियों की संख्या और आवश्यकताओं के अनुपात में आवास अपर्याप्त है। अब शासन ने यहां के लिए 26 आवास बनाने की योजना को मंजूरी दी है। इनमें छह टाइप-ए श्रेणी के और बीस टाइप-बी श्रेणी के आवास शामिल होंगे।
टाइप-ए आवासों को उच्च श्रेणी के पुलिस अधिकारियों के लिए निर्धारित किया गया है जबकि टाइप-बी आवास दरोगा व अन्य पुलिस कर्मियों को आवंटित किए जाएंगे। इसमें स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति, सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था, पृथक जलनिकासी प्रणाली, बेहतर विद्युत आपूर्ति, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था आदि योजना भी प्रस्तावित है। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने बताया कि इब्राहिमपुर थाना परिसर में नए आवासीय परिसर को मंजूरी मिली है। इसका बजट भी मिल गया है, जल्द ही इसका निर्माण शुरू कराया जाएगा।