टांडा (अंबेडकरनगर)। इनामीपुर पुल के पास बीती रात अलीगंज पुलिस ने मुठभेड़ में जानलेवा हमले में फरार चल रहे छज्जापुर निवासी 25 हजार के इनामी बदमाश को दबोच लिया। फायरिंग में बदमाश के साथ एक सिपाही भी घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए टांडा सीएचसी पर भर्ती कराया गया है।
पुलिस टीम के मुताबिक शनिवार रात भ्रमण के दौरान सूचना मिली कि वांछित आरोपी फरीद उर्फ बाबू अपने एक साथी के साथ बाइक से शमसुद्दीनपुर से ब्लाॅक तिराहा की तरफ आने वाला है। पुलिस टीम ने रेलवे क्राॅसिंग सुलेमपुर बाग के पास जांच अभियान शुरू कर दिया। इस बीच शमसुद्दीनपुर की तरफ से एक बाइक आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने टॉर्च दिखाकर रोकने का प्रयास किया। चालक बाइक के साथ तेजी से भागने का प्रयास करने लगा।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो सुलेमपुर बाग में मोड़ पर बाइक फिसल गई। दोनों सवार गिर पड़े। पुलिस से बचने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। इस पर पुलिस ने बचाव करते हुए जवाबी फायरिंग की। इसमें आरोपी फरीद उर्फ बाबू के अलावा एक सिपाही भी घायल हो गया। दोनों के पैर में गोली लगी है। आरोपी के पास से एक तमंचा, कारतूस व बाइक बरामद की गई है। देर रात एएसपी संजय कुमार राय ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
दर्ज हैं कई मुकदमे
थानाध्यक्ष विजेंद्र शर्मा ने बताया कि फरीद उर्फ बाबू के खिलाफ 12 मुकदमे दर्ज हैं। बीते दिनों हंस तिराहा के पास अखलाक उर्फ लक्खू को जान से मारने की नियत से शाहिद उर्फ बड़का व जैद के साथ मिलकर उसने घटना को अंजाम दिया था। इसके बाद से फरार चल रहा था। उसपर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। चार दिन पूर्व तलवापार के एक व्यापारी को उसकी भूमि की चारदीवारी बनने से रोकने तथा अवैध वसूली के उद्देश्य से माफिया दिलीप वर्मा बनकर धमकी भी दी गई थी। इस मामले में केस दर्ज है।