अंबेडकरनगर। जिले के चार केंद्रों पर शनिवार को बीएड द्वितीय वर्ष की परीक्षा हुई। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए मुख्य गेट पर ही छात्र-छात्राओं की सघन जांच की गई। इसके अलावा आंतरिक सचल दल भी लगातार परीक्षा को बेहतर ढंग से निपटाने के लिए नजर जमाए रहे।। पहले दिन 23 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी।
जिले के चार परीक्षा केंद्र बीएनकेबी पीजी कॉलेज अकबरपुर, टीएन पीजी कॉलेज टांडा, बाबा बरुआदास पीजी कॉलेज परुइया आश्रम व रमाबाई राजकीय महिला पीजी कॉलेज अकबरपुर में बीएड व एमएड व बैक पेपर की परीक्षा की शुरुआत हुई।
शनिवार को पहले दिन बीएड द्वितीय वर्ष की परीक्षा हुई। दोपहर बाद दो बजे से शाम पांच बजे तक होने वाली परीक्षा को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।
बीएनकेबी पीजी कॉलेज अकबरपुर की प्राचार्या डॉ. सुचिता पांडेय ने बताया कि 25 महाविद्यालयों के परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। बीएड के कुल 1894 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। नौ छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे।
रमाबाई राजकीय महिला पीजी कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शैफाली सिंह ने बताया कि बीएड के 750 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसी प्रकार से दो अन्य परीक्षा केंद्रों पर भी पहले दिन शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा निपटी।