अंबेडकरनगर। रूट पर संख्या के निर्धारण के विरोध में रविवार को ई-रिक्शा चालकों के प्रदर्शन से पहले ही यातायात पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चला दिया। फिटनेस समेत अन्य गड़बड़ियों के चलते 20 वाहनों का चालान किया गया। वहीं, ई-रिक्शा चालकों से 16 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। इस कार्रवाई से ई-रिक्शा चालकों में हड़कंप मच गया।
जिला मुख्यालय पर जाम का सबब बन रहे ई-रिक्शा के रूट का निर्धारण करने की मांग को संज्ञान में लेते हुए बीते दिनों प्रत्येक रूट पर वाहनों की संख्या निर्धारित की गई थी। उस समय ई-रिक्शा चालकों ने इसका विरोध किया था। उनका कहना था कि ऐसा होने से उनकी रोजी-रोटी पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। इन सबके बीच एसडीएम सदर व सीओ सदर ने ई-रिक्शा चालकों को समझाया था।
साथ ही आश्वस्त किया था कि फिलहाल रूट पर संख्या के आधार पर ही वाहनों का संचालन होगा। आगामी दिनों में इसकी फिर से समीक्षा की जाएगी। इस बीच रविवार को इसके विरोध में ई-रिक्शा चालकों ने जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन की तैयारी शुरू कर दी। गौरतलब है कि मात्र जिला मुख्यालय व आसपास ही लगभग 1550 ई-रिक्शा चलते हैं।
इस बीच धरना-प्रदर्शन की भनक लगी तो पुलिस प्रशासन तत्काल अलर्ट मोड में आ गया। यातायात पुलिस की अलग-अलग टीमों ने पुराने तहसील तिराहा, बस स्टेशन, पटेलनगर, नई सड़क समेत कई स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। यातायात प्रभारी शिवदीपक सिंह ने बताया कि फिटनेस व अन्य गड़बड़ियों के चलते 20 ई-रिक्शा का चालान कर दिया गया।
साथ ही जुर्माने के रूप में 16 हजार रुपये की वसूली की गई। कहा कि जिस रूट पर वाहनों की संख्या का निर्धारण किया गया है, उसका सख्ती से पालन कराया जाएगा। बताया कि टीम में प्रदीप कुमार वर्मा, संजीव कुमार व रामप्रवेश आदि यातायात पुलिसकर्मी शामिल रहे।