ग्रामीणों का आरोप है कि एक पखवारे पूर्व ही यह ट्रांसफार्मर बदला गया था। अधिक लोड के चलते ही यह फिर फुंक गया। उपभोक्ताओं ने कई बार ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग की, लेकिन विभाग ध्यान नहीं देे रहा है। इसका खामियाजा आए दिन उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ता है।
महरुआ उपकेन्द्र से जुड़े हीड़ी पकड़िया गांव का ट्रांसफार्मर करीब 10 दिन से जला पड़ा है। इससे उपभोक्ता अंधेरे में रहने को विवश हैं। गांव के मुचकुंद चौबे, पिल्लू, रमेश, मिण्टू व पवन यादव आदि का कहना है कि गांव में लगे ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग लंबे समय से की जा रही है।
परन्तु विभाग ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की जरूरत नहीं समझ रहा है। इसके चलते ही गांव में लगा 63 केेवी का यह ट्रांसफार्मर अक्सर फुंकता रहता है। एक पखवारे पूर्व ही ट्रांसफार्मर को बदला गया था। कुछ ही दिन चलने के बाद ट्रांसफार्मर पुुन: फुंक गया। ट्रांसफार्मर फुंकने से लगभग 2 हजार की आबादी प्रभावित हो रही है।
उपभोक्ताओं ने विभाग से अविलंब ट्रांसफार्मर बदलवाए जाने की मांग की है।अधिशाषी अभियंता मुकेश बाबू ने बताया कि ट्रांसफार्मर बदले जाने की प्रक्रिया चल रही है। ट्रांसफार्मर उपलब्ध होते ही बदल दिया जाएगा।