तेज रफ्तार बस से उतरते समय एक युवक बस के नीचे आ गया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना से अफरा-तफरी मच गई। चालक बस लेकर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर एक अन्य बाइक सवार युवक जीप की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना से दोनों के परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है। थाना क्षेत्र जलालपुर अंतर्गत कन्नूपुर किशुनपुर गांव निवासी आलोक यादव (19) पुत्र हौसिला प्रसाद सोमवार सुबह निजी बस से अकबरपुर आ रहा था।
शहजादपुर नगर स्थित डॉ. गणेशकृष्ण जेतली इंटर कॉलेज के सामने उसने बस रोकने के लिए कहा। बताया जाता है कि बस धीमी हुई तो वह चलती बस से ही उतरने लगा। इस पर वह असंतुलित हो गया और सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान बस का पिछला पहिया उसके ऊपर से गुजर गया।
घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जब तक आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचते, चालक बस लेकर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवारीजनों में रोना-पीटना मचा हुआ है।
परिवारीजनों के अनुसार आलोक जेतली इंटर कॉलेज के सामने स्थित एक दुकान पर वेल्डिंग का काम सीखने के लिए गया हुआ था। सोमवार को उसका पहला दिन था। इस दौरान दर्दनाक घटना हो गई।
उधर सम्मनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दरवेशपुर गांव निवासी धर्मराज (42) पुत्र दलसिंगार रविवार देर शाम बाइक से सम्मनपुर बाजार से घर जाते समय गांव के निकट पहुंचने पर तेज रफ्तार जीप की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। धर्मराज ने हेल्मेट नहीं लगा रखा था। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।