अंबेडकरनगर। 15वें वित्त आयोग के तहत शासन से अनटाइड ग्रांट की दूसरी किस्त के रूप में मिली 19.72 रुपये की धनराशि से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य होंगे। 70 प्रतिशत धनराशि 902 ग्राम पंचायतों, जबकि 30 प्रतिशत धनराशि क्षेत्र पंचायतों व जिला पंचायत को उपलब्ध करा दी गई है। इससे एक तरफ जहां ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी तो वहीं पंचायत सहायकों को सुचारु रूप से मानदेय भी मिलेगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव, पेयजल, आवागमन, साफ-सफाई समेत अन्य समस्याओं से लोगों को निजात दिलाने के लिए अनटाइड ग्रांट के तहत शासन से ग्राम पंचायतों, क्षेत्र पंचायताें व जिला पंचायत को राशि उपलब्ध कराई जाती है। 15वें वित्त आयोग के तहत पूर्व में प्रथम किस्त की राशि जिले को मिली थी।
इस बीच बुधवार को अनटाइड ग्रांट के तहत दूसरी किस्त की 19 करोड़ 72 लाख 76 हजार 798 रुपये की राशि पहुंच गई। इसमें से 70 प्रतिशत धनराशि अर्थात 13 करोड़ 80 लाख 93 हजार 758 रुपये 902 ग्राम पंचायतों को जारी की गई है। इसके अलावा नौ क्षेत्र पंचायत को दो करोड़ 95 लाख 91 हजार 520 रुपये और जिला पंचायत दो करोड़ 95 लाख 51 हजार 526 रुपये का बजट दिया गया है।
15वें वित्त के तहत जो धनराशि शासन से मिली है उससे सभी ग्राम पंचायतों में बड़े पैमाने पर विकास के काम कराए जाएंगे। न सिर्फ क्षतिग्रस्त मार्ग को दुरुस्त कराया जाएगा बल्कि नालियों को भी ठीक कराकर जलभराव समस्या दूर की जाएगी। खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने के साथ ही नई स्ट्रीट लाइटें लगेंगी। इसके अलावा पंचायत सहायकों का मानदेय भुगतान भी इसी राशि से कराया जाएगा।
डीपीआरओ अवनीश कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि 15वें वित्त आयोग के तहत लगभग 20 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध हुई है। इससे आधे अधूरे काम जहां पूरे किए जाएंगे। अन्य मूलभूत सुविधाएं भी लोगों को उपलब्ध कराई जाएंगी।