अंबेडकरनगर। कोरोना पर अंकुश लगाने के लिए जिले में टीकाकरण का कार्य जिले में लगातार जारी है। मंगलवार को जिले के 41 केंद्रों के 42 बूथों पर नागरिकों व कर्मचारियों को टीका लगाया गया। कुल 5040 नागरिकों व कर्मचारियों को टीका लगना था। इसकी तुलना में 1964 लोगों को टीका लगा। इस बीच देश में लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए अब 1 अप्रैल से 45 वर्ष आयु वर्ग से ऊपर के सभी नागरिकों को टीका लगाए जाने की तैयारी है। इसे लेकर नागरिकों में उत्साह देखने को मिला।
एक तरफ जहां फिर से कोरोना का संक्रमण बढ़ रहा है, तो वहीं इस पर अंकुश लगाने के लिए जिले में टीकाकरण महाअभियान भी लगातार जारी है। टीकाकरण महाअभियान का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. हेमंत कुमार ने बताया कि जिले के 41 केंद्रों के 42 बूथों पर वैक्सीनेशन का कार्य चला। अभियान के दौरान कुल 5020 नागरिकों व कर्मचारियों को टीका लगाए जाने का लक्ष्य था। इसकी तुलना में 1964 नागरिकों व कर्मचारियों को टीका गाया गया। कहा कि टीकाकरण अभियान में बूथों पर पहुंचने वालों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए प्रत्येक बूथ पर पांच-पांच स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की गई थी।
इस बीच सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि टीकाकरण महाअभियान 26 मार्च तक लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम नागरिकों से आह्वान किया कि बगैर किसी अफवाह में पड़े बढ़-चढ़कर संबंधित बूथों पर पहुंचकर न सिर्फ खुद टीका लगवाएं, बल्कि दूसरों को भी टीका लगवाएं। जागरूकता के आधार पर ही कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है। बताया कि कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए अब 45 वर्ष से ऊपर की आयु वर्ग के सभी नागरिकों को टीका 1 अप्रैल से लगाए जाने पर विचार चल रहा है। ऊपर से जो आदेश आएगा, उसके अनुरूप यहां अमल सुनिश्चित होगा।