अंबेडकरनगर। दुर्घटना को दावत दे रहीं विभिन्न नहरों व माइनरों पर बनीं 176 जर्जर पुलियों की शीघ्र ही मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके साथ ही 19 स्थानों पर नई पुलियों का निर्माण कराया जाएगा। पुलियों की मरम्मत व निर्माण के लिए 3 करोड़ 57 लाख की तुलना में 1 करोड़ 76 लाख रुपये की राशि सिंचाई खंड टांडा को उपलब्ध करा दी गई है। टेंडरिंग प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। संबंधित पुलियों की मरम्मत व निर्माण का कार्य शीघ्र ही प्रारंभ होने की संभावना है।
जिले से होकर गुजरने वाली नहरों व माइनरों पर पुलिया का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन उनकी मरम्मत कराने की सुध जिम्मेदारों को नहीं रही। नतीजा यह रहा कि ज्यादातर पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई हैं। यह पुलिया अकसर दुर्घटना का सबब बनती रहती हैं। ऐसी क्षतिग्रस्त पुलियों की मरम्मत कराने की मांग लंबे समय से नागरिकों व जनप्रतिनिधियों की ओर से की जा रही थी। लगातार की जा रही मांग को देखते हुए बीते दिनों ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे संज्ञान में लेते हुए जिम्मेदारों को निर्देशित किया था कि ऐसी पुलियों की सूची शासन को उपलब्ध कराई जाए, जो क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। इसके साथ ही दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में नई पुलियों के निर्माण के लिए भी जरूरी जानकारियां उपलब्ध कराई जाएं।
शासन के दिशा निर्देशों के बीच बीते अक्तूबर में सिंचाई खंड टांडा ने शासन को जो सूची उपलब्ध कराई, उसमें 176 जर्जर पुलियों की मरम्मत व 42 नई पुलियों के निर्माण की मांग की थी। इसके लिए 3 करोड़ 57 लाख रुपये का प्रस्ताव भी भेजा गया था। बीते दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलियों की मरम्मत व नई पुलियों के निर्माण योजना की शुरुआत की थी। उन्होंने निर्देशित किया कि 100 दिन के अंदर क्षतिग्रस्त पुलियों की मरम्मत करा दी जाए। साथ ही जिन क्षेत्रों में नई पुलिया का निर्माण होना है, उसे भी पूरा कर लिया जाए।
पुलियों की जल्द कराई जाएगी मरम्मत
सहायक अभियंता सिंचाई खंड तनु श्रीवास्तव ने बताया कि शासन को भेजे गए प्रस्ताव की तुलना में गत दिवस ही सिंचाई खंड टांडा को प्रथम किस्त में 176 जर्जर पुलियों की मरम्मत व 19 नई पुलियों के निर्माण के लिए शासन से 1 करोड़ 76 लाख रुपये विभाग को उपलब्ध हो गए हैं। शासन से 176 पुलियों की मरम्मत व 42 नई पुलियों के निर्माण के लिए शासन को 3 करोड़ 57 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। जल्द ही पुलियों की मरम्मत करा दी जाएगी।
दुर्घटनाओं से मिलेगी निजात
टांडा विकास खंड के रामतीरथ, जगन्नाथ व इस्माइल ने कहा कि भड़सारी एनवां मार्ग पर दुर्गापुर गांव के निकट से होकर गुजरने वाली माइनर पर बनी पुलिया अत्यंत क्षतिग्रस्त है। इससे अकसर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। अरुण कुमार व सुनील शर्मा ने कहा कि उतरेथू टांडा मार्ग के भुआलपुर गांव के निकट स्थित माइनर पर बनी पुलिया को सड़क के चौड़ीकरण के दौरान क्षतिग्रस्त कर दिया गया। अब तक पुलिया का निर्माण नहीं हो सका है। इससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। पुलिया के निर्माण से दुर्घटनाओं से निजात मिलेगी। जलालपुर के मोहम्मद नईम व सजीवन जायसवाल ने कहा कि कर्बला कासिमपुर के निकट से गुजरने वाली नहर पर बनी पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से आए दिन बाइक व साइकिल सवार माइनर में गिरकर चोटिल होते रहते हैं। पुलिया का निर्माण होने से इससे राहत मिलेगी।
शीघ्र शुरू होगा कार्य
शासन से 176 क्षतिग्रस्त पुलियों की मरम्मत व 19 नई पुलियों के निर्माण के लिए 1 करोड़ 76 लाख रुपये उपलब्ध हुए हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
-बीसी लाल, अधिशाषी अभियंता सिंचाई खंड टांडा