प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अरियौना में रविवार को मरीजों का उपचार करते चिकित्सक। संवाद
अंबेडकरनगर। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन रविवार को जिले के 35 स्वास्थ्य केंद्रों पर किया गया। मेले में 1779 मरीजों ने पंजीकरण कराया। जांच के दौरान टीबी के 30 मरीज और एक कुपोषित बच्चा चिह्नित किया गया। सबसे अधिक मरीज बुखार और त्वचा रोग की समस्या लेकर पहुंचे।
स्वास्थ्य केंद्रों पर कोविड हेल्प डेस्क में 327 मरीजों की जांच की गई। हालांकि, किसी में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई। जांच में गैस्ट्रो के 163, डायबिटीज के 127, त्वचा रोग के 262, उच्च रक्तचाप के 88 और टीबी के 30 मरीज मिले। अन्य बीमारियों से पीड़ित 570 मरीजों का भी उपचार किया गया। एक मरीज को सर्जरी के लिए रेफर किया गया।
अरियौना पीएचसी में बिजली व्यवस्था बदहाल : अरियौना पीएचसी में सुबह डॉ. अंकिता पाठक और डॉ. रमापति राय मरीजों का उपचार करते मिले। यहां दवाएं उपलब्ध थीं, लेकिन बिजली व्यवस्था बदहाल मिली। चिकित्सकों और दवा वितरण कक्ष में केवल एक-एक बल्ब जलता मिला, जबकि कई लाइटें खराब थीं। बिजली की समस्या के चलते कर्मचारियों को जुगाड़ के सहारे काम करना पड़ रहा है।