अंबेडकरनगर। जिले के 17 हजार दिव्यांगों को सहायता उपकरण बांटे जाएंगे। इसके लिए चार ब्लाॅक मुख्यालय पर शिविर का आयोजन होगा। एडिप योजना के तहत इन दिव्यांगों को व्हील चेयर, ट्राई साइकिल, छड़ी, वॉकर समेत कई अन्य प्रकार के उपकरणों का वितरण किया जाएगा। जून के प्रथम पखवाड़े में कैंप के माध्यम से दिव्यांगों को उपकरण उपलब्ध करा दिया जाएगा।
दिव्यांगों के उत्थान के लिए एक के बाद कार्यक्रम लागू किए जा रहे हैं। चरणबद्ध ढंग से दिव्यांगों को योजनाओं व सहायक उपकरणों का लाभ दिलाया जाता है। जिले में 16 हजार 988 दिव्यांग पंजीकृत हैं। इन दिव्यांगों को एडिप योजना के तहत जून के प्रथम पखवाड़े में शिविर के माध्यम से अलग-अलग प्रकार के सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। जिला दिव्यांंगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय के अनुसार जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र एलिम्को कानपुर के सहयोग से दिव्यांगों को सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए अकबरपुर, जलालपुर, भीटी व रामनगर ब्लाक परिसर में अलग-अलग तारीख में कैंप लगेंगे।
दिव्यांगों के परीक्षण के बाद आवश्यकतानुसार उपकरण उपलब्ध कराया जाएगा। जो उपकरण उपलब्ध कराए जाने हैं उसमें कान की मशीन, बैसाखी, व्हील चेयर, ट्राई साइकिल, वॉकिंग स्टिक, वॉकर, ब्लाइंड छड़ी आदि शामिल हैं।
सभी दिव्यांगों में होगा वितरण
जून माह के प्रथम पखवाड़े में अलग-अलग तारीख में चार ब्लाॅक मुख्यालय पर शिविर लगाकर दिव्यांगों में सहायक उपकरण का वितरण किया जाएगा। इसे लेकर जरूरी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। - विकास मौर्य, प्रभारी दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी