अंबेडकरनगर। जिले में डेंगू तेजी से फैल रहा है। 17 नए मरीज सामने आए हैं। पीड़ितों की संख्या अब 52 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी नागरिकों से साफ-सफाई पर खास ध्यान देने की अपील की है। साथ ही सजगता बरतने को भी कहा है।
मौसम बदलने के साथ ही जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में डेंगू का प्रकोप बढ़ रहा है। आये दिन इससे ग्रस्त नए मरीज सामने आ रहे हैं। गौरतलब है कि कुछ दिनों से अस्पतालों में बुखार से पीड़ित होकर पहुंचने वाले मरीजों की संख्या बढ़ी है। जिला अस्पताल में तो तेज बुखार से पीड़ित दर्जनों मरीज अक्सर भर्ती हो रहे हैं। इस बीच डेंगू के मरीज भी लगातार सामने आ रहे हैं। 13 सितंबर तक डेंगू के कुल 35 मरीज चिह्नित हुए थे। तीन दिन में 17 नए मरीज बढ़ गए। अब मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 52 हो गई है।
इनमें अकबरपुर व टांडा में सर्वाधिक मरीज हैं। चिकित्सकों के अनुसार सभी मरीजों की हालत सामान्य है। सीएमओ डॉ. श्रीकांत शर्मा ने बताया कि डेंगू के मरीज बढ़े जरूर हैं लेकिन स्थिति नियंत्रण में है। पर्याप्त दवाएं मौजूद हैं। सभी मरीजों का बेहतर ढंग से उपचार चल रहा है।