फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रामपुर गिरंट में आग से 17 घर राख

Mon, 11 Apr 2016 11:52 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/अंबेडकरनगर
विज्ञापन
अंबेडकरनगर के रामपुर गिरंट में आग के कहर के बाद कुछ इस तरह दिखा गांव का मंजर। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
थाना क्षेत्र के रामपुर गिरंट गांव में सोमवार दोपहर करीब लगी आग से 17 घर जलकर राख हो गए। चूल्हे की चिंगारी से लगी आग ने घरों के अलावा चार किसानों की लगभग पांच बीघा गेहूं की फसल भी जलाकर नष्ट कर दी। सभी 21 ग्रामीणों को मिलाकर लगभग 15 लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
विज्ञापन


घटना से गांव में घंटों अफरा-तफरी का माहौल रहा। ग्रामीणों के अथक सहयोग से फायर ब्रिगेड टीम ने आग पर काबू पाया। तहसीलदार भीटी ने राजस्वकर्मियों के साथ गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया।

 भीटी तहसील के रामपुर गिरंट गांव में सोमवार दोपहर करीब उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव निवासी ओरौनी के घर से ग्रामीणों ने तेज लपटें निकलते देखी। जब तक ग्रामीण कुछ कर पाते तब तक आग का रुख काफी उग्र हो चुका था।
विज्ञापन


देखते ही देखते आग ने कच्चे घरों वाले इस गांव में एक के बाद एक दूसरे घर को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का प्रयास तो किया लेकिन तेज लपटों के आगे उनके सारे प्रयास विफल हो रहे थे। गांव से होती हुई आग बगल स्थित बांस कोठ तक पहुंच गई।

गांव के बाहर कुछ दूरी पर स्थित खेतों में भी बांस कोठ के धमाके से चिंगारी पहुंच गई। इससे रामशंकर की तीन बीघा, त्रिभुवन की 13 बिस्वा, रामराज की 14 व रामबोझ की 12 बिस्वा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।

सूचना मिलने पर पहुंची अकबरपुर फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। खेतों व घरों में लगी आग को घंटों के प्रयास के बाद काबू में किया जा सका। घरों व खेतों में लगी आग से कुल लगभग 15 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान होने अनुमान है।

 घटना की जानकारी मिलने पर फायरब्रिगेड की टीम के अलावा थानाध्यक्ष भीटी सोमेश्वर सिंह दल बल के साथ पहुंचे। जबकि सुल्तानपुर जिले के जयसिंहपुर थानांतर्गत सेमरी चौकी प्रभारी भी पुलिसकर्मियों के साथ गांव पहुुंच गए।

भीटी तहसीलदार सुदामा वर्मा ने भी राजस्वकर्मियों के साथ गांव पहुंचकर आग बुझने तक कैंप किया। राजस्वकर्मियों ने गांव में क्षति का आकलन करना शुरू कर दिया जो शाम तक जारी रहा। तहसीलदार ने बताया कि ग्रामीणों के लिए अनाज आदि के आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें