अंबेडकरनगर। फरवरी 2024 में हुए ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के लिए जिले को 2300 करोड़ रुपये निवेश कराने का लक्ष्य मिला था। इसके सापेक्ष 702 निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिनकी लागत 11,243 हजार करोड़ रुपये थी। इन निवेशों को धरातल पर उतारने के लिए विभागवार सत्यापन किया गया तो 230 निवेशकों ने ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के लिए मंजूरी दी।
जिला प्रशासन एवं उद्योग विभाग के सहयोग से एक वर्ष में 167 निवेशों को स्थापित करा लिया गया है, जिनका बजट करीब 1545 करोड़ रुपये है। इन सभी उत्पादन व अन्य संबंधित कार्य शुरू कर दिए हैं, जिससे करीब 5500 लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। वहीं 839 करोड़ के 63 उद्योग निर्माणाधीन हैं, जो अगले कुछ माह में पूरे होने के कयास लगाए जा रहे हैं। डीएम अविनाश सिंह इसकी लगातार मॉनीटरिंग कर रहे हैं और जमीन से लेकर विभिन्न विभागों से प्राप्त होने वाली एनओसी को त्वरित मुहैया कराए जाने के लिए संबंधित अधिकारियों काे कड़े निर्देश दिए हैं। (संवाद)
प्रमुख उत्पादित इकाइयां, उनका निवेश व सृजित रोजगार
आरएन फीड्स फतेहपुर ककरडिला- 21 करोड़- 117
श्याम इंडस्ट्रीज बसखारी- 30 करोड़- 100
क्वाइल्ड प्रोडक्टिव जलालपुर- 15 करोड़- 120
श्री देव व्हील्स दहीरपुर अकबरपुर- 15 करोड़- 100
-
प्रमुख निर्माणाधीन इकाइयां व उनकी लागत
रिलायंस बायो एनर्जी लिमिटेड सस्पना- 120 करोड़
चिराग ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन एंड हॉस्पिटल भियांव- 35 करोड़
मेडिकल मिशन हॉस्पिटल खेतापुर- 15 करोड़
शिवशक्ति होलसेल बाजार टांडा- 10 करोड़
ऑल इंडिया चिल्ड्रेन केयर एंड एजुकेशन जहांगीरगंज आलापुर- पांच करोड़
-
निरंतर चल रहे प्रयास
जीआईएस में आए निवेशों को स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। 167 उद्योग व अन्य संस्थानों का निर्माण पूरा हो चुका है। जिनका निर्माण चल रहा है, उनकी लगातार मॉनीटरिंग की जा रही है। - अखिलेश पटेल, उद्यमी मित्र