अंबेडकरनगर। जिला पंचायत सदस्य प्रतिमा यादव के साथ भूमि का बैनामा कराने के नाम पर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अकबरपुर कोतवाली में तहरीर देकर धोखाधड़ी का केस दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने सपा के एक विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष सहित तीन पर धोखाधड़ी में शामिल होने का आरोप लगाया है। कहा कि भूमि बैनामे के नाम पर उनके 16 लाख रुपये हड़प लिए गए। जिला पंचायत सदस्य ने सपा नेताओं के रवैये पर भी नाराजगी जताई है।
लोक गायिका व जिला पंचायत सदस्य गुरुदासपुर, बरौरा निवासी प्रतिमा यादव ने अकबरपुर कोतवाली में तहरीर देकर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। बताया कि बीती 30 दिसंबर को अहिरौली थाना क्षेत्र के पियारेपुर निवासी एक व्यक्ति से 16 लाख रुपये में एक भूमि का बैनामा कराया।
जब दाखिल-खारिज का समय आया तो उस पर आपत्ति लगा दी गई। इसके बाद उन्हें पता चला कि संबंधित भूमि का पहले ही बैनामा हो चुका है और उनके साथ धोखाधड़ी की गई है। इस धोखाधड़ी में सपा के एक विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष व उनके परिवार के लोग शामिल हैं। इस पर उन्होंने अपना पैसा वापस मांगा तो उनसे अभद्रता की गई।
उन्होंने कोतवाली पुलिस से मामले में केस दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बताया कि सपा से जुड़ी होने के चलते इसकी शिकायत उन्होंने सपा के विधायकों व अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों से की, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं की गई। इससे वे काफी आहत हैं। उधर, कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि उन्हें ऐसी कोई तहरीर अभी नहीं मिली है। यदि शिकायत मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।