अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के सुड़ारी गांव में मंगलवार सुबह गांव निवासी एक दुकानदार की हत्या का मामला सामने आया। हत्यारे शव को गांव के बाहर फेंक कर फरार हो गए। भोर में कुछ महिलाओं ने गांव के बाहर पड़े शव को देखकर इसकी जानकारी से गांववासियों को दी। इससे पूरे गांव क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान गांव निवासी मोहम्मद वकील (25) पुत्र कमालुद्दीन के रूप में हुई। बताया जाता है कि वकील टांडा के कश्मीरिया चौराहे पर अंसारी ग्लास हाउस के नाम से दुकान चलाता है। वह एल्युमीनियम व शीशे से बने सामानों की बिक्री करता था। प्रतिदिन वह अपने घर शाम करीब नौ बजे पहुंच जाता था।
सोमवार को घर पहुंचने में देरी होने पर परिजनों द्वारा फोन करने पर उसने बताया कि वह शहजादपुर सामान लेने आया है। इस लिए घर पहुंचने में देरी हो जाएगी। रात 11 बजे के बाद भी जब वकील घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने फिर उसके मोबाइल पर कॉल की लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद घबराए परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की लेकिन कुछ पता नहीं चल सका।
मंगलवार सुबह गांव के बाहर भोर में कुछ महिलाओं को उसका शव मिलने की जानकारी के बाद परिवार में कोहराम मच गया। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। मृतक के परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई होगी।