अंबेडकरनगर। आबादी की भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर अवैध निर्माण कराने के विरोध में शुक्रवार को पकड़ी भोजपुर गांव के ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। बाद में डीएम से मुलाकात कर शिकायतीपत्र सौंपते हुए न्याय की गुहार की।
शुक्रवार सुबह पकड़ी भोजपुर के ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां प्रदर्शन करते हुए कहा कि गांव के ही कुछ लोग आबादी की भूमि पर कब्जा कर रहे हैं। ग्रामीण शिवनायक ने कहा कि उसने जब इसका विरोध किया तो विपक्षियों ने लगभग 10 दिन पहले घर में घुसकर न सिर्फ उसकी, बल्कि घर में मौजूद बच्चों की भी पिटाई की। इसकी शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
वक्ताओं ने कहा कि किसी प्रकार की कार्रवाई न होने से कब्जा करने वालों के हौसले बुलंद हैं और वे अब संबंधित भूखंड पर निर्माण कार्य करने लगे हैं। कहा गया कि इसकी शिकायत कई बार तहसील प्रशासन से की गई, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
इससे लगातार निर्माण कार्य जारी है। विरोध करने पर न सिर्फ अभद्रता की जाती है, बल्कि जान से मारने की धमकी भी जाती है। बाद में डीएम से मुलाकात कर न्याय की गुहार की। इस दौरान बृजेश, नंदलाल, बाबूराम, कृष्णकुमार, रामचंद्र, रेखा देवी, सुमित्रा आदि मौजूद रहे।