अंबेडकरनगर। सफाई में लापरवाही बरतने वाले सफाई कर्मियों की अब खैर नहीं। जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र के निर्देश पर लापरवाही बरतने वाले कटेहरी विकास खंड के बरामदपुर जरियारी के सफाई कर्मी को डीपीआरओ ने निलंबित कर दिया। डीएम ने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले सफाई कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एक दिन पहले मंगलवार को जनता दर्शन के दौरान कटेहरी विकास खंड के बरामदपुर जरियारी गांव के ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर गांव में सफाई न होने की शिकायत दर्ज कराई थी। बताया कि सफाई कर्मी सुरेंद्र कुमार काफी दिनों से सफाई करने गांव नहीं पहुंचा। कई बार शिकायत की गई पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। साफ-सफाई न होने से गांव में जगह-जगह गंदगी की भरमार है।
जिलाधिकारी ने डीपीआरओ को संबंधित सफाई कर्मी को निलंबित करने का निर्देश दिया। डीएम के निर्देश पर बुधवार को डीपीआरओ राम आशीष चौधरी ने संबंधित सफाईकर्मी को निलंबित कर दिया। उधर डीएम ने निर्देश दिया कि गांवों में साफ सफाई को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं से शिकायत आई, तो जांच कर संबंधित सफाई कर्मी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।