अंबेडकरनगर। त्रिस्तरीय पंचायत के अंतर्गत ग्रामप्रधान के 5 पद समेत कुल 45 पद के लिए होने वाले उपचुनाव की अधिसूचना बुधवार को जिला प्रशासन ने जारी कर दी। जिसके अनुसार 21 से 26 जून तक प्रत्याशी नामांकन कर सकेंगे। यदि आवश्यक हुआ, तो 6 जुलाई को मतदान व 8 को मतगणना होगी। चुनावी प्रक्रिया को शुरू करने के लिए आरओ व एआरओ की तैनाती कर दी गई है। उपचुनाव को शांतिपूर्ण एवं सकुशल निपटाने के लिए निर्वाचन कार्यालय ने जरूरी तैयारियां तेज कर दी हैं।
विभिन्न कारणों से ग्रामप्रधान के 5, बीडीसी सदस्य के 2 व ग्रामपंचायत सदस्य के 38 पद लंबे समय से रिक्त थे। इन पर होने वाले उपचुनाव को लेकर संबंधित क्षेत्र के प्रत्याशियों ने तैयारियां भी शुरू कर दी थीं। इस बीच बुधवार को जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने 45 पदों के लिए होने वाले उपचुनाव की अधिसूचना जारी कर दी। निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानी डॉ. महेशचंद्र द्विवेदी ने बताया कि सभी 45 पदों के लिए आगामी 21 से 26 जून तक प्रत्याशी नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे।
27 जून को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 28 जून को शाम 3 बजे तक नाम वापसी हो सकेगी। इसी दिन चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिया जाएगा। यदि आवश्यकता हुई, तो 6 को मतदान और 8 जुलाई को मतों की गणना होगी।
डॉ. द्विवेदी ने बताया कि ग्रामप्रधान के जिन पांच पदों पर उपचुनाव होना है, उसमें अकबरपुर विकास खंड के हरिपुर जगदीशपुर, जहांगीरगंज विकास खंड के नासिरपुर छितौना व टिकोरिया खुर्द, बसखारी विकास खंड के नरकटा बैरागीपुर व रामनगर विकास खंड के हुसेनपुर मुसलमान शामिल हैं। टांडा विकास खंड के दहियावर प्रथम व भियांव विकास खंड के मरहरा में बीडीसी का उपचुनाव होगा।
यहां होगा ग्राम पंचायत सदस्य का चुनाव
अकबरपुर विकास खंड के दरगहा शाहरमजान, ज्ञानपुर, समोखपुर व आलमपुर अखई में दो सदस्य, कटेहरी विकास खंड के खेवार में दो, जालपुर चांदपुर, पतौना, खरगपुर, बरामदपुर लोहरा, भगवानपट्टी, रामपुर बनेथू, बैजपुर व रामनगर जमदरा, जहांगीरगंज विकास खंड में भूपतपुर कोडाहा, टांडा विकास खंड में आसोपुर, लालपुर, चिंतौरा, मखदूमपुर, फरीदपुर कुतुब, चितवई, गौहनिया, सालारपुर, गुवांव, जोतजैना, काजीपुर व मीरानपुर बभनपुरा, बसखारी में अरुसा आजमपुर, भीटी विकास खंड में अढनपुर, रिउना, ईटवा में दो, शाहपुर मनियारीपट्टी, पांडेय पैकोली, केवारी परमानंद में दो व सम्मनपुर छितुनिया में उपचुनाव होगा।
सभासद के एक पद पर होगा उपचुनाव
निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानी डॉ. महेशचंद्र द्विवेदी ने बताया कि जलालपुर नगर पालिका परिषद के वार्ड संख्या 7 के सभासद के निधन के बाद पद रिक्त चल रहा था। यहां भी उपचुनाव के लिए अधिसूचना बुधवार को जारी हुई। बताया कि 21 से 26 जून तक नामांकन होगा। 27 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 29 को नाम वापसी व 30 को चुनाव चिन्ह का आवंटन किया जाएगा। यदि जरूरत पड़ी, तो 13 को मतदान तथा 15 जुलाई को मतगणना होगी।