अंबेडकरनगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के अमौली मोहिउद्दीनपुर गांव में सोमवार रात एक युवक ने रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, सम्मनपुर थाना क्षेत्र के अमौली मोहिउद्दीनपुर गांव निवासी अनूप पाण्डेय (22) पुत्र ज्ञानप्रकाश सोमवार देर शाम घर पहुंचा।
खाना खाने के बाद वह कमरे में चला गया। कुछ देर बाद परिवार के सदस्य जब कमरे के सामने से गुजरे तो खिड़की के अंदर का दृश्य देखकर सन्न रह गए। अंदर अनूप का शव छत से रस्सी के सहारे लटक रहा था। देखते ही देखते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
कुछ ही देर में पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। घरवालों की मदद से शव को नीचे उतारा गया। बाद में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिवारीजनों ने बताया कि अनूप ने आत्महत्या क्यों किया, इसकी जानकारी नहीं है।