जहांगीरगंज। बीते दिनों मोबाइल पर एक लाख की रंगदारी मांगने और न देने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में जहांगीरगंज पुलिस व स्वाट की संयुक्त टीम ने मंगलवार को दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से पुलिस ने एक बाइक, दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस व दो खोखे भी बरामद किए। बाद में दोनों बदमाशों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्जकर जेल भेज दिया गया।
गोरखपुर के बेलाघाट निवासी मतीउल्लाह खान वर्तमान में जहांगीरगंज कस्बे में परिवार के साथ रहकर रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाते हैं। बीते 17 जून को उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से फोन कर कुछ लोगों द्वारा एक लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई थी।
न दे पाने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। मतीउल्लाह ने पुलिस को घटना से अवगत कराया, जिसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया। एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र व एएसपी अशोक कुमार राय ने स्थानीय पुलिस के साथ स्वाट व सर्विलांस टीम को आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगा दिया। टीम बीते सोमवार की रात से ही गिरैया बाजार में आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी बीच मुखबिर से पुलिस टीम को दो संदिग्ध लोगों की मौजूदगी की सूचना मिली।
जानकारी होते ही एसओ बीडी तिवारी, एसआई शैलेंद्र भारती, पुलिस कर्मी अमित तिवारी, विनोद मिश्र सहित स्वाट व सर्विलांस टीम के साथ गिरैया देवरिया बाजार मार्ग पर घेराबंदी की। इस बीच एक बाइक पर दो युवक संदिग्ध हालात में आते दिखे। नजदीक आने पर जब टीम ने दोनों को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया, लेकिन पुलिस ने दोनों को दबोच लिया गया।
तलाशी के दौरान इनके पास से पुलिस ने बाइक के अलावा दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस व दो खोखे के अलावा एक मोबाइल भी बरामद किया। आरोपियों की पहचान थाना क्षेत्र के ककरापार निवासी सुमित यादव व रुकचनपुर निवासी मनोज यादव के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। थानाध्यक्ष बीडी तिवारी ने बताया कि दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।