अंबेडकरनगर। भीषण गर्मी का दौर है। तापमान में उतार-चढ़ाव भी हो रहा है। इससे न सिर्फ डायरिया जैसे संक्रामक रोग, बल्कि निमोनिया व सर्दी जुकाम होने की आशंका रहती है। खासकर बच्चों के लिए काफी खतरा है। ये बातें सोमवार को अकबरपुर नगर के मीरानपुर स्थित संयुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहे आशा बहुओं के विशेष प्रशिक्षण में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी एनसीराम ने कहीं।
हाल में ही तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पार कर गया था। रविवार रात आई आंधी के बाद तापमान में कुछ गिरावट आई। बारिश नहीं हुई तो एक बार फिर से तापमान में वृद्धि होगी। तापमान में हो रहे इस उतार चढ़ाव के चलते डायरिया के साथ ही निमोनिया व जुकाम-बुखार की आशंका रहती है।
ऐसे में एहतियात बरतकर ही बचा जा सकता है। आशा बहुओं से आह्वान किया कि वे गोष्ठियों व चौपाल के माध्यम से लोगों को बदलते इस समय बीमारियों से बचाव के बारे में जानकारी दें। साथ ही इन रोगों के लक्षण व बचाव के बारे में भी बताएं।
प्रशिक्षक शाहिद कमर व रामजीत ने कहा कि एक बार स्वास्थ्य खराब हो जाए तो उसे ठीक होने में समय लगता है। कहा कि ऐसे मौसम में बीमारी से बचने के लिए खानपान पर विशेष ध्यान दें। ऐसा भोजन न करें जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो।