अंबेडकरनगर। टांडा तहसील परिसर के आपातकालीन गेट पर दीवार खड़ी करने के विरोध में आंदोलन कर रहे अधिवक्ताओं को सोमवार को सफलता मिली। जिलाधिकारी के निर्देश पर दीवार को तोड़ दिया गया।
गौरतलब है कि एसडीएम टांडा के चैंबर के विस्तारीकरण के दौरान परिसर में बने आपातकालीन गेट को दीवार खड़ी कर बंद कर दिया गया था। इसे लेकर वकीलों ने विरोध शुरू कर दिया था। 20 दिनों से कार्य बहिष्कार करते हुए धरना-प्रदर्शन के साथ ही अधिवक्ताओं ने जुलूस भी निकाला था।
इस बीच सोमवार को अधिवक्ताओं ने डीएम से मुलाकात कर मामले की जानकारी दी। जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने एसडीएम को दीवार गिराने का निर्देश दिया। बताया जाता है कि डीएम के निर्देश के बाद एसडीएम ने सिर्फ तीन फीट दीवार गिरवाई। इस पर वकील भड़क गए।
एक बार फिर जिलाधिकारी से बात की तो डीएम ने पूरी दीवार गिराने का निर्देश दिया। शाम पांच बजे पूरी दीवार गिरा दी गई। उधर, दीवार निर्माण के विरोध में गठित पांच सदस्यीय संघर्ष समिति में शामिल अजय प्रताप श्रीवास्तव, महेंद्रनाथ श्रीवास्तव, शेर बहादुर सिंह, अमित कुमार ने डीएम का आभार व्यक्त किया। मंगलवार को विजय दिवस मनाया जाएगा।