अंबेडकरनगर। भूमि विवाद के एक मामले में दो पक्षों के बीच अकबरपुर कोतवाली परिसर में चल रहे समझौते के बीच दरोगा व सिपाही ने एक अधिवक्ता के साथ अभद्रता करते हुए उसकी पिटाई कर दी। जानकारी जिला न्यायालय पहुंची, तो बड़ी संख्या में वकील कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने संबंधित पुलिस कर्मियों के विरुद्ध केस दर्ज करने की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस बीच मामले को गंभीरता को लेते हुए एसपी ने तत्काल प्रभाव से आरोपी दरोगा व सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया।
सोमवार को अकबरपुर कोतवाली परिसर में भूमि विवाद के एक मामले में पुलिस की मौजूदगी में दो पक्षों में बात हो रही थी। बताया जाता है कि एक पक्ष की तरफ से मामले को देख रहे वकील रामसागर यादव को कोतवाली के ही एक सिपाही ने फोन कर उन्हें वहां बुलाया। आरोप है कि जब वह वहां पहुंचे, तो दरोगा अतर सिंह व सिपाही प्रेमप्रकाश ने उनसे अभद्रता दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो उनकी पिटाई भी कर दी। आरोप है कि गला दबाकर कनपटी पर असलहा लगाकर जान से मारने की धमकी दी गई। वहां मौजूद लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।
इस बीच साथी अधिवक्ता के साथ हुई घटना की जानकारी पर जिला कोर्ट से बड़ी संख्या में वकील कोतवाली पहुंचे। आरोपी दरोगा व सिपाही के विरुद्ध केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। अधिवक्ताओं के मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र ने आरोपी दरोगा अतर सिंह व सिपाही प्रेमप्रकाश को लाइन हाजिर कर दिया। उधर बार एसोसिएशन अध्यक्ष त्रिभुवननाथ पांडेय ने कहा कि यदि दरोगा के विरुद्ध केस दर्ज कर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन छेड़ा जाएगा।