अंबेडकरनगर। परिषदीय विद्यालयों में समायोजन की मांग को लेकर रविवार को टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों ने कलेक्ट्रेट के निकट धरना दिया। कहा गया कि लंबे समय से समायोजन की मांग की जा रही है, लेकिन इसे लेकर जिम्मेदार लोगों द्वारा गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।
इससे टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का भविष्य अंधकारमय हो गया है। चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र ही समायोजन प्रक्रिया नहीं शुरू की गई, तो अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। जिलाध्यक्ष अरुण कुमार ने कहा कि प्रदेश में जो सरकारें आती हैं, वे सिर्फ वायदा ही करती हैं। इसके आगे कोई कदम नहीं उठाया जाता है। टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थी समायोजन की बाट लंबे समय से जोह रहे हैं, लेकिन उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।
जब भी इसे लेकर धरना प्रदर्शन किया जाता है, तो सिर्फ आश्वासन ही दिया जाता है। इससे आगे प्रक्रिया नहीं बढ़ती। नतीजा यह है कि टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थी खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। समायोजन न होने से उनका भविष्य अंधकारमय हो गया है। हमें अब आश्वासन नहीं, बल्कि समायोजन प्रक्रिया जल्द शुरू किया जाए। वक्ताओं ने कहा कि समायोजन की उम्मीद में उनकी उम्र निकली जा रही है। यदि शीघ्र ही समायोजन नहीं हुआ, तो उनका भविष्य अंधकारमय हो जाएगा।
चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र ही समायोजन प्रक्रिया नहीं शुरू की गई, तो कलेक्ट्रेट के निकट अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। इस दौरान चंद्रकेश, अशोक यादव, रमाकांत, पूनम, रीना, जयप्रकाश, विनोद वर्मा आदि मौजूद रहे।