अंबेडकरनगर। मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए शनिवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जिला मुख्यालय के अलावा कटेहरी क्षेत्र में अभियान चलाया। अकबरपुर नगर के शहजादपुर स्थित इन्द्रभान वर्मा की शंकर डेयरी से टीम ने दूध का नमूना लिया।
संबंधित नमूने को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। इसके अलावा टीम ने कई अन्य दुकानों पर दुकानदारों व ग्राहकों को जागरूक भी किया। दुकानदारों को जहां गुणवत्तापरक सामान बेचने की हिदायत दी, वहीं ग्राहकों से सामान खरीदते समय उसके पैकेट पर लिखे विवरण को पढ़ने की सलाह दी। इसके बाद टीम कटेहरी क्षेत्र के लिए रवाना हो गई।
शनिवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी केके उपाध्याय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रत्नाकर पाण्डेय, अखिलेश मौर्य, शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय व चित्रसेन के नेतृत्व में जांच अभियान चलाया। टीम सुबह करीब 10 बजे शहजादपुर स्थित इन्द्रभान वर्मा के शंकर डेयरी पहुंची। यहां से जांच के लिए दूध का नमूना लिया।
टीम शहजादपुर की कई अन्य दुकानों पर गई। दुकानदारों को गुणवत्तापरक सामान बेचने की हिदायत दी। साथ ही मौजूद उपभोक्ताओं को सुझाव दिया कि सामानों को खरीदते समय पैकेट पर अंकित विवरण को अवश्य पढ़ें। निर्मित व समाप्ति तिथि के साथ साथ सामानों की गुणवत्ता पर भी ध्यान दें। इसके बाद टीम कटेहरी क्षेत्र के मिझौड़ा चौराहा पहुंची। दूध विक्रेता जितेन्द्र यादव से दूध का नमूना लिया गया। बाजार में ग्राहकों को जागरूक करने का भी काम किया।