अंबेडकरनगर। तापमान में उतार-चढ़ाव का स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इससे विभिन्न प्रकार के संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका रहती है। ऐसे में आशा बहुओं की जिम्मेदारी है कि गांव-गांव जाकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करें।
अकबरपुर नगर के संयुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चल रहे आशा बहुओं के विशेष प्रशिक्षण में शुक्रवार को भीषण गर्मी से बचाव के बारे में जानकारी दी गई। प्रशिक्षक स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी एनसीराम ने कहा कि भीषण गर्मी व लू से खुद को बचाना बहुत जरूरी है।
कोशिश होनी चाहिए कि भीषण गर्मी में जब घर से बाहर निकलें तो सिर व चेहरे को ढककर निकलें। बाहर से जब घर पहुंचे तो तुरंत पानी न पीएं। पहले कुछ देर आराम से बैठें और इसके बाद हाथ-पैर धोएं। इसके बाद ही पानी पीएं। धूप में निकलने पर समय-समय पर पानी पीते रहें। शरीर में पानी की कमी न होने दें। इससे डायरिया होने की संभावना रहती है।
प्रशिक्षक शाहिद कमर व प्रतिभा पाल ने कहा कि जागरूकता के आधार पर ही भीषण गर्मी में संक्रामक रोगों से बचा जा सकता है। उन्होंने आह्वान किया कि आशा बहुएं गांव-गांव, घर-घर जाकर लोगों को संक्रामक रोगों से बचाव के बारे में जानकारी दें। लू से बचाव के बारे में भी जागरूक करें।