जहांगीरगंज। कोल्ड ड्रिंक पीने से एक ही परिवार के छह लोगों की तबीयत खराब हो जाने का मामला सामने आया है। अचानक तबीयत खराब होने पर परिवारवालों ने सभी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी पाकर पहुंचे एसडीएम व सीओ आलापुर मौके पर पहुंचे और सभी को सीएचसी पहुंचाया। करीब दो घंटे के उपचार के बाद सभी की तबीयत सामान्य हो गई।
एसडीएम के निर्देश पर क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक ने दुकान से कोल्डड्रिंक का सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है।
जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के मखदूमपुर गांव में गुरुवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक ही परिवार के छह सदस्य अचानक बीमार हो गए। बताया जाता है कि मुनीम पुत्र चंद्रेश निषाद शाम को गांव स्थित एक दुकान से कोल्ड ड्रिंक की दो लीटर की बोतल लाया था। देर शाम मुनीम (45), उनकी पत्नी गीता (43) व परिवार की ही धर्मा (55) पत्नी बाबूराम, गुंजा (12), पूजा(15), रिंका (13) वर्ष ने कोल्ड्र डिंक पी। कोल्ड ड्रिंक पीने के कुछ देर बाद ही अचानक परिवार के सदस्यों की तबीयत खराब होने लगी।
चक्कर आने के साथ ही पेट में दर्द होने लगा और उल्टी भी शुरू हो गई। आननफानन में ग्रामीणों की मदद से सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर एसडीएम भरतलाल सरोज व सीओ आरपी राय टीम के साथ संबंधित अस्पताल पहुंचे।
इसके बाद अपनी निगरानी में सभी को आलापुर सीएचसी भिजवाया। बाद में एसडीएम के निर्देश पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी भानु प्रताप सिंह व चित्रसेन सिंह गांव पहुंचकर संबंधित दुकान से जांच के लिए कोल्डड्रिंक का नमूना ले गए। एसडीएम भरतलाल सरोज ने कहा कि कोल्ड ड्रिंक का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।