जलालपुर। स्कूटी सवार पिता-पुत्र को बेकाबू जीप ने बुधवार देर रात मालीपुर थाना क्षेत्र के गुवावां जमालपुर गांव के पास रौंद दिया। हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि पुत्र को गंभीर चोटें आईं। टक्कर मारने के बाद जीप सड़क के किनारे पलट गई।
संयोग था कि उसमें सवार लोग बाल-बाल बच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि जीप को थाने ले आई। उधर, बुधवार देर शाम जलालपुर थाना क्षेत्र के नर्सरी चौराहा के निकट सड़क पार कर रही वृद्धा को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मालीपुर थाना क्षेत्र के श्यामपुर गांव निवासी रामधारी (55) चैतू बुधवार देरशाम अपने बेटे हरिओम 30 को लिवाने के लिए मालीपुर रेलवे स्टेशन गए थे। हरिओम लुधियाना में रहकर निजी नौकरी करता है। वह ट्रेन से मालीपुर स्टेशन पहुंचा था।
बताया जाता है कि जब वे दोनों स्कूटी से थाना क्षेत्र के गुवावां जमालपुर गांव के निकट पहुंचे, तो इसी बीच सामने से आ रही तेज रफ्तार जीप ने उन्हें रौंद दिया। टक्कर के बाद जीप सड़क के किनारे पेड़ से टकराकर पलट गई। जीप के रौंदने से पिता रामधारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्र हरिओम को गंभीर चोटें आईं। जीप में सवार लोग बाल बाल बच गए और वहां से चले गए।
इस बीच जानकारी होते ही एसओ मालीपुर रामनिवास पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही गंभीर रूप से घायल हरिओम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एसओ ने बताया कि जीप को अभिरक्षा में लेकर थाने ले आया गया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
उधर जहांगीरगंज थाना अन्तर्गत बहलोलपुर गांव निवासिनी संपत्ती देवी (70) पत्नी बनारसी बुधवार देर शाम जलालपुर बसखारी मार्ग पर नर्सरी चौराहे के निकट सड़क पार कर रही थी। इसी बीच उधर से गुजर रहे अज्ञात वाहन ने उसे रौंद दिया। जब तक इर्दगिर्द के लोग मौके पर पहुंचते, तब तक चालक वाहन लेकर भाग खड़ा हुआ। सांस चलने की उम्मीद में उसे सीएचसी नगपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।