अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के कोटवा सीहमई निवासी युवक बुधवार सुबह सबमर्सिबल में उतरे करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उधर, बेवाना थाना क्षेत्र के रामपुर सकरवारी निवासी महिला कूलर में उतरे करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। जिला अस्पताल में प्रारंभिक इलाज के बाद उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के कोटवा सीहमई गांव निवासी रामजनम (45) पुत्र धर्मराज बुधवार सुबह सबमर्सिबल का टूटा तार जोड़ रहा था। बताया जाता है कि इसी बीच इसमें करंट उतर गया, जिसकी चपेट में आकर वह झुलस गया। गुहार पर घरवालों ने पहुंचकर उसे पंप से अलग किया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलसकर बेहोश हो चुका था।
स्थानीय इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिवारीजनों को सौंप दिया।
उधर बेवाना थाना क्षेत्र के रामपुर सकरवारी निवासिनी शोभावती (48) पत्नी गिरिजाशंकर बुधवार सुबह घर की सफाई कर रही थी। बरामदे में रखा कूलर वह हटा रही थी। इसी दौरान इसमें करंट उतरा आया, जिसकी चपेट में आ गई। स्थानीय इलाज के बाद घरवालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रामा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया गया।