अंबेडकरनगर। चिलचिलाती धूप व गर्म हवा के बीच तापमान से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। शनिवार को भी तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे लोग दिनभर बेहाल रहे। अब लोग गर्मी से बचाने के लिए ऊपरवाले से गुहार लगाने लगे हैं।
शनिवार को लोगों ने मंदिर और मस्जिद पहुंचकर प्रार्थना की। वहीं, गर्मी की वजह से पानी की दिक्कत भी बढ़ गई है। पर्याप्त जलापूर्ति न नहीं हो पा रही है, वहीं तालाबों में पानी भी नहीं भरा जा रहा है। खराब पड़े हैंडपंप भी दुरुस्त न होने से समस्या और बढ़ गई है।
शनिवार को शिया जामा मस्जिद में पहुंचकर लोगों ने गर्मी से राहत दिलाने की दुआ की। वहीं, तहसील तिराहा स्थित हनुमान मंदिर में भी भक्तों ने प्रार्थना की। उधर, भीषण गर्मी के बीच जिले में पेयजल संकट भी गहराने लगा है।
शासन के तमाम दिशा-निर्देशों के बावजूद तालाबों में पानी नहीं भरा जा सका है। इससे एक तरफ जल संचयन योजना पूरी तरह धराशायी हो गई है, वहीं मवेशियों के लिए भी संकट खड़ा हो गया है। इतना ही नहीं, खराब पड़े 400 से अधिक हैंडपंपों को भी दुरुस्त कराने की सुध जिम्मेदार लोगों को नहीं है।