फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मौसम के रुख से बढ़ा डायरिया का प्रकोप, 35 मरीज भर्ती

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। लगातार बढ़ते तापमान के बीच जिले में डायरिया का प्रकोप भी बढ़ने लगा है। जिला अस्पताल से लेकर सीएचसी व पीएचसी में डायरिया से पीड़ित मरीजों के भर्ती होने का दौर तेज हो गया है। बीते 24 घंटे में जिला अस्पताल में जहां पांच डायरिया पीड़ित भर्ती हुए, वहीं सीएचसी व पीएचसी में 30 से अधिक मरीज भर्ती हुए। जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों में एक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल अयोध्या रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन

जिला अस्पताल में डायरिया से पीड़ित मरीजों के भर्ती होने का सिलसिला लगातार जारी है। शायद ही कोई ऐसा दिन गुजरता हो, जब डायरिया से पीड़ित मरीज जिला अस्पताल के साथ ही सीएचसी व पीएचसी में भर्ती न होता हो। बीते 24 घंटे में पांच लोग डायरिया की चपेट में आकर जिला अस्पताल में भर्ती हुए। परिवारीजनों के अनुसार पड़ोसी जनपद सुल्तानपुर के दोस्तपुर थाना अन्तर्गत दोस्तपुर निवासी अभिषेक (20) पुत्र हरिगोविंद को शुक्रवार मध्यरात्रि करीब अचानक उल्टी दस्त के साथ पेट में तेज दर्द शुरू हो गया।
लगातार खराब होती तबियत के बीच स्थानीय इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल अंबेडकरनगर में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के बाद भी जब तबियत में सुधार नहीं हुआ, तो उसे जिला अस्पताल अयोध्या रेफर करना पड़ा। जलालपुर थाना अन्तर्गत जलालपुर निवासी चंदन (21) पुत्र लालचंद्र शनिवार भोर में डायरिया का शिकार हो गया। स्थानीय इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। टांडा कोतवाली अन्तर्गत सूरापुर निवासिनी सुंदरी (26) पत्नी अशोक को शनिवार सुबह उल्टी दस्त होने लगा।
विज्ञापन

पेट में लगातार दर्द के बीच घरवालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इब्राहिमपुर थाना अन्तर्गत केदारनगर निवासिनी चंदादेवी (42) पत्नी छोटेलाल को उल्टी दस्त व पेट के तेज दर्द के बीच घरवालों ने शुक्रवार रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अकबरपुर कोतवाली अन्तर्गत जमुनीपुर निवासी विनय (18) पुत्र रामजीत को शुक्रवार देर रात तबियत खराब हो गई। उसे पेट में तेज दर्द के साथ ही उल्टी व दस्त होने लगा। इस पर घरवालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
उधर सीएचसी व पीएचसी में भी प्रतिदिन डायरिया से पीड़ित मरीजों के भर्ती होने का सिलसिला जारी है। जलालपुर, टांडा, भीटी, कटेहरी, बसखारी, जहांगीरगंज, रामनगर समेत अन्य सीएचसी व पीएचसी में बीते 24 घंटे में 30 से अधिक मरीज डायरिया से पीड़ित होकर भर्ती हुए।

मसालेदार व तैलीय पदार्थों के सेवन से करें परहेज
जिस प्रकार से तापमान में लगातार उतार चढ़ाव हो रहा है, उससे डायरिया जैसे संक्रामक रोग के फैलने की आशंका अधिक होती है। यह संक्रामक रोग है। ऐसे में जागरुकता के आधार पर ही इस पर अंकुश पाया जा सकता है। डायरिया से बचाव के लिए मसालेदार व तेलीय खाद्य पदार्थों का प्रयोग यदि न किया जाए, तो ज्यादा बेहतर है। शरीर में पानी की कमीं न होने दें। समय समय पर नीबू पानी लेते रहें। कड़ी धूप में घर से बाहर निकलते समय सिर व चेहरे को कपड़े से लपेटकर निकलें। यदि डायरिया के लक्षण दिखाई दे, तो ओआरएस का घोल लें। यदि घर पर न हो, तो चीनी नमक का घोल लें। इसके बाद तत्काल चिकित्सक को दिखाएं। तनिक सी लापरवाही बरतने से हालत गंभीर हो सकती है।
विज्ञापन

डा. एसपी गौतम, सीएमएस
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें