अंबेडकरनगर। 23 मई को राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में होने वाले मतगणना को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली हैं। मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेश कुमार ने मतगणना स्थल का जायजा लिया।
साथ ही मतगणना से जुड़े अधिकारियों को तैयारियों से संबंधित जरूरी दिशा निर्देश दिए। कहा कि समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगामी 23 मई को जिला मुख्यालय स्थित राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में मतों की गणना होगी।
मतगणना को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरणों में हैं। इसी क्रम में मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेश कुमार ने मतगणना से जुड़े अधिकारियों के साथ राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
बैरीकेडिंग व सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने के कार्य का निरीक्षण करते हुए उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय रहते सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूर्र्ण कर ली जाएं। परिसर में मीडिया सेल बनाया जाए, जिसमें प्रत्येक दौर के मतों की गिनती के बारे में समुचित जानकारी उन्हें दी जा सके।
मतगणना स्थल पर साफ सफाई, पेयजल, प्रकाश व सुरक्षा के भी समुचित प्रबंध समय रहते पूर्ण कर लिए जाएं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इस दौरान एडीएम अमरनाथ रॉय, डीआईओएस विनोद सिंह, बीएसए अतुल कुमार सिंह, अधिशाषी अधिकारी अकबरपुर नगर पालिका सुरेश मौर्या, सूचना अधिकारी जेपी सिंह आदि मौजूद रहे।