महरुआ। थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर स्थित हाइवे पर रविवार रात्रि शराबियों ने जमकर उत्पात मचाया। करीब एक घंटे तक चला बवाल स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद शांत हुआ। स्थानीय लोगों ने नशे में धुत लोगों को समझा बुझाकर किसी तरह घर भेजा। वहीं पुलिस को मामले की भनक तक नहीं लग सकी, जिसे लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई।
महरुआ थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव के निकट से गुजरे हाईवे पर रविवार रात्रि करीब साढ़े 11 बजे उस समय आसपास के लोगों की नींद टूट गई, जब नशे में धुत कुछ युवकों द्वारा बीच सड़क पर बवाल शुरू कर दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार शराबियों ने एक दूसरे को गाली-गलौज देते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। इस बीच कई चार पहिया वाहनों को आने जाने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बवाल को बढ़ता देख इर्द गिर्द के लोग मौके पर पहुंच गए और मामले में हस्तक्षेप करते हुए सभी को शांत कराया।
ग्रामीणों ने समझा बुझाकर नशे में धुत युवकों को घर भेजा। करीब एक घंटे तक चले इस ड्रामे की पुलिस को भनक तक नहीं लग सकी, जिसे लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी प्रकट की। लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त न होने के चलते आये दिन इसी तरह से शराबियों द्वारा आपस में बवाल किया जाता रहता है, लेकिन पुलिस कुछ नहीं करती। गश्त के नाम पर ड्यूटी तो लगा दी गई है, लेकिन उसे पूरा नहीं किया जाता है। यदि ऐसा ही रहा तो कभी भी कोई अप्रिय घटना होने से इंकार नहीं किया जा सकता।