टांडा। सपा कार्यकर्ता मोहम्मद अयाज उर्फ गुल्लू पर बाइक सवार हमलावरों ने बुधवार आधी रात ताज तिराहे के पास ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली अयाज के पेट और दो गोलियां कंधे में जा धंसीं। फायरिंग से इलाके में भगदड़ मच गई। घायल अयाज को मृत समझ हमलावार भाग निकले। घायल सपा कार्यकर्ता को तत्काल सीएचसी टांडा ले जाया गया।
प्रारंभिक उपचार के बाद जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर देखे ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया गया। एक विद्यालय के प्रबंधकीय विवाद में घटना को अंजाम देने का आरोप लगाते हुए घायल के भाई ने टांडा कोतवाली में दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले में आरोपी विद्यालय प्रबंधक को हिरासत में ले लिया है।
टांडा नगर का ताज तिराहा क्षेत्र बुधवार आधी रात साढ़े 12 बजे गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। सकरावल निवासी सपा कार्यकर्ता मोहम्मद अयाज उर्फ गुल्लू (36) पुत्र खलीक अहमद यहां चाय पीने के लिए पहुंचे थे। सपा शासनकाल के दौरान जिले के प्रभारी मंत्री रहे शाहिद मंजूर के करीबी रहने के चलते चर्चित हुए अयाज बुधवार को जब ताज तिराहे के निकट चाय पी रहे थे तो एक बाइक पर सवार दो लोग वहां पहुंचे।
एक व्यक्ति बाइक पर ही बैठा रहा, जबकि पीछे बैठे शख्स ने गुल्लू को करीब बुलाया। बताया जाता है कि जैसे ही गुल्लू उनके पास पहुंचे तो उसने ताबड़तोड़ चार फायर झोंक दिए। एक गोली पेट में, जबकि दो गोली कंधे में जा धंसीं। एक गोली कंधे को छूती हुई निकल गई। गोलियों की तड़तड़ाहट से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। गोली लगने से घायल गुुल्लू जमीन पर गिर पड़े। मृत समझकर हमलावर आदर्श चौराहे की तरफ भाग गए। गुल्लू को तत्काल सीएचसी टांडा, फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी होते ही टांडा कोतवाली प्रभारी रामलखन पटेल व अलीगंज थानाध्यक्ष वीरेंद्र रॉय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बताया जाता है कि पुलिस को घटनास्थल पर 9 एमएम के तीन खोखे बरामद हुए। उधर, घायल के भाई परवेज ने थाने पहुंचकर नगर स्थित कौमी इंटर कॉलेज के प्रबंधक उबैदुर्रहमान व एक अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। आरोप लगाते हुए कहा कि संबंधित विद्यालय में प्रबंधकीय विवाद चल रहा है। इसी मामले में पैरवी न करने की धमकी दी जा रही थी। इसे लेकर ही प्रबंधक ने उनके भाई पर अपनी मौजूदगी में जानलेवा हमला कराया। एसओ अलीगंज वीरेंद्र रॉय ने बताया कि तहरीर के आधार पर उबैदुर्रहमान व एक अन्य के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्जकर छानबीन की जा रही है। उबैदुर्रहमान को हिरासत में ले लिया गया है।
जिला अस्पताल से हुई आरोपी की गिरफ्तारी
बताया जाता है कि सपा कार्यकर्ता अयाज उर्फ गुल्लू को गोली लगने के बाद जब उसे जिला अस्पताल लाया गया तो वहां विद्यालय प्रबंधक उबैदुर्रहमान भी पहुंचे। इससे पहले अयाज ने उबैदुर्रहमान पर ही घटना को अंजाम देने की जानकारी अधिकारियों को दी थी। इस पर पुलिस टीम ने जिला अस्पताल में मौजूद उबैदुर्रहमान को हिरासत में ले लिया। उधर ,उबैदुर्रहमान के परिवारीजनों का कहना है कि उन्हें फर्जी तरीके से फंसाया जा रहा है। घटना के समय वह घर पर सो रहे थे। इसके बाद जब गोली लगने की जानकारी दी गई तो वह गुल्लू के साथ ही जिला अस्पताल तक गए। घटना में शामिल होते तो अस्पताल कोई क्यों जाते। परिवारीजनों ने मांग की कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज, सर्विलांस व अन्य साक्ष्यों के आधार पर गहन छानबीन की जाए तो सच्चाई सामने आ जाएगी।
एसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा
घटना की जानकारी होते ही एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र ने रात में ही एएसपी अशोक कुमार रॉय के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। साथ ही वहां मौजूद लोगों से जरूरी पूछताछ की। उन्होंने अलीगंज थाना प्रभारी को मामले में समुचित कार्रवाई का निर्देश देते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। एसपी ने बाद में बताया कि तहरीर के आधार पर एक अभियुक्त को हिरासत में ले लिया गया है। दूसरे की तलाश की जा रही है।