अंबेडकरनगर। लोकसभा चुनाव को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर आगामी 9 से 11 मई तक जिले के सभी बोर्ड के प्राथमिक से लेकर डिग्री कॉलेज बंद रहेंगे। साथ ही यह भी निर्देशित किया है कि पोलिंग स्टेशन तक पोलिंग पार्टियों को ले जाने व लाने के लिए 157 निजी बसों के साथ ही 428 स्कूली वाहनों के मालिक 9 से 10 मई तक हवाईपट्टी पहुंचकर अपने वाहनों की आमद दर्ज करा दें।
लोकसभा चुनाव के तहत आगामी 12 मई को अंबेडकरनगर सामान्य संसदीय सीट पर चुनाव होना है। चुनाव को सकुशल निपटाने के लिए मतदान केंद्रों तक जाने वाली पोलिंग पार्टियों को बीते दिन ही उपसंभागीय परिवहन कार्यालय ने 157 निजी बसों का अधिग्रहण किया था। वाहनों की कमी को देखते हुए संबंधित विभाग ने जिला निर्वाचन कार्यालय को रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कहा कि निजी बसों की संख्या काफी कम है।
ऐसे में विभिन्न विद्यालयों के 428 स्कूल बसों को भी अधिग्रहीत किया जा रहा है। पत्र में कहा गया कि स्कूल खुले रहने पर स्कूल से जुड़ी बसें 10 मई की देर रात तक ही हवाईपट्टी पहुंच सकेंगी। इसके चलते संबंधित बसों का लॉकबुक तैयार करने व डीजल आदि की व्यवस्था करने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाएगा, इससे पोलिंग पार्टियों को रवाना करने आदि काम में मुश्किल हो सकती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेश कुमार ने डीआईओएस व बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र के माध्यम से निर्देशित किया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर स्कूली बसों के अधिग्रहण होने तथा विभिन्न विद्यालयों में पुलिस कर्मियों के ठहरने के समुचित प्रबंधक के चलते सभी बोर्ड के प्राथमिक से लेकर स्नातक तक के विद्यालयों में 9 से 11 मई तक अवकाश घोषित किया जाता है।
ऐसा इसलिए, जिससे संबंधित विद्यालयों में अध्यनरत छात्र-छात्राओं को तेज गर्मी के मौसम में किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। उधर डीआईओएस विनोद सिंह ने बताया कि डीएम के निर्देश पर आगामी 9 से 11 मई तक सभी विद्यालय बंद रहेंगे तथा 13 मई को खुलेंगे।