16 ने लिए नामांकन पत्र, दाखिल एक भी नहीं
अंबेडकरनगर। लोकसभा चुनाव के लिए मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच नामांकन का दौर शुरू हो गया। पहले दिन विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े तथा निर्दल प्रत्याशियों व दावेदारों ने कुल 16 नामांकन पत्र लिए।
हालांकि मंगलवार को पहले दिन एक भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रही। गेट पर छानबीन के बाद ही लोगों को भीतर जाने को मिला।
जबकि नामांकन कक्ष के हिस्से में सामान्य आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहा। इससे पहले मंगलवार सुबह जिला निर्वाचन अधिकारी ने आधिकारिक तौर पर चुनाव कार्यक्रम की अधिसूचना जारी की।
लोकसभा चुनाव में छठे चरण के लिए मंगलवार से नामांकन करने की प्रक्रिया जिला निर्वाचन अधिकारी ने शुरू कर दी। सुबह जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेश कुमार ने चुनाव कार्यक्रमों की बाकायदा आधिकारिक अधिसूचना जारी की।
इसके साथ ही नामांकन करने तथा नामांकन पत्र लेने का मार्ग प्रशस्त हो गया। पहले दिन कुल 16 नामांकन पत्र लिए गए। हालांकि एक भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सरदार सिंह ने बताया कि मंगलवार को नामांकन के पहले दिन कुल 16 नामांकन पत्र लिए गए।
इसमें मौलिक अधिकारी पार्टी के आशुतोष, बहुजन मुक्ति पार्टी के रामधारी व सुशीला, अपना दल (बलिहारी) से इंद्रजीत, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी से प्रेमनाथ, वोटर्स पार्टी इंटरनेशनल के रामसिंगार, हिंदुस्तान निर्णायक दल के परशुराम व निर्दलीय डॉ. लालबहादुर, नागेश्वर प्रसाद, बृजेश कुमार, फतेह बहादुर, पुष्पा अनिल, रमजान अहमद, टाइगर रामनिहोर, गुलाम किवरिया व श्रीराम ने नामांकन पत्र लिया है।
नामांकन के पहले दिन मंगलवार को कलेक्ट्रेट के नामांकन कक्ष संख्या-39 को आकर्षक ढंग से सजाया गया। कक्ष के भीतर, बाहर व बरामदे में रंग-बिरंगे गुब्बारों, फूलों तथा पत्तियों की भव्य सजावट ने सभी का मन मोह लिया।
नामांकन कक्ष का माहौल अत्यंत खुशनुमा लग रहा था। प्रशासन ने आदर्श स्थिति प्रदान करने के लिए एक दिन पहले ही आकर्षक साज-सजावट को अंतिम रूप दिया था, जिसका निरीक्षण सोमवार देर शाम डीएम ने किया था। उनके निर्देश के बाद साजसज्जा को और बेहतर किया गया।
अंबेडकरनगर संसदीय सीट पर आगामी 12 मई को होने वाले मतदान के लिए 23 अप्रैल तक नामांकन प्रक्रिया होगी। इस बीच तीन दिन सार्वजनिक अवकाश के चलते नामांकन कार्य नहीं होगा। पहले दिन 16 अप्रैल को एक भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ।
ऐसे में प्रत्याशियों को नामांकन करने के लिए मात्र चार दिन का ही समय मिलेगा। जिला सूचना अधिकारी जेपी सिंह ने बताया कि 17 अप्रैल को महावीर जयंती, 19 अप्रैल को गुड फ्राइडे व 21 अप्रैल को रविवार का अवकाश है। ऐसे में इन तीन दिन नामांकन नहीं होगा।
नामांकन को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए कलेक्ट्रेट की ओर जाने वाले मार्ग पर जगह-जगह बैरियर लगाए गए हैं।
पटेलनगर तिराहा, अंबेडकर प्रतिमा के पास, कलेक्ट्रेट के गेट नंबर एक के पास, जिला अस्पताल व सीडीओ आवास के पास और बसखारी रोड पर बसपा कार्यालय जाने वाले मार्ग के सामने बैरियर लगाए गए हैं।
प्रत्येक बैरियर पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। दरअसल चुनाव आयोग के निर्देशानुसार नामांकन स्थल के निकट 200 मीटर की सीमा में राजनीतिक दल से जुड़े मात्र तीन वाहन जाने की ही अनुमति है।
ऐसे में नामांकन जुलूस निकलने पर कलेक्ट्रेट के निकट तक वाहनों को जाने से रोकने के लिए जगह-जगह बैरियर लगाए गए हैं।
राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम का मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेश कुमार व एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र ने जायजा लिया। बताते चलें कि मतदान के बाद ईवीएम को राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान डीएम व एसपी को अधिशाषी अभियंता पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड शंकर्षणलाल ने बताया कि प्रथम तल के स्ट्रांग रूम में जलालपुर, टांडा व अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र और द्वितीय तल के स्ट्रांग रूम में कटेहरी व आलापुर विधानसभा क्षेत्र की ईवीएम रखी जाएंगी।
डीएम ने निर्देशित किया कि समय रहते बैरीकेडिंग का कार्य पूर्ण कर लिया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। एसपी ने सुरक्षा का जायजा लेते हुए कहा कि मुख्य गेट से लेकर स्ट्रांग रूम तक चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जाएं।