बसखारी (अंबेडकरनगर)। मझौउवा गांव में शुक्रवार सुबह संदिग्ध हालात में युवक का शव छप्पर से लटका पाए जाने पर सनसनी फैल गई। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रेम-प्रसंग में हत्या की आशंका जताई है। दरअसल युवक की जेब से एक लड़की की फोटो भी मिली है। मौके पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज शिनाख्त करने के प्रयास में जुट गई है।
बसखारी थाना क्षेत्र के रामडीह सराय के मजरा मझौउवा में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव निवासी रामसुभग के छप्पर में एक युवक का शव फंदे पर लटकता मिला। रामसुभग की पौत्री शुक्रवार सुबह घर के सामने कुछ दूर पर बने छप्पर में गई तो देखा कि एक युवक का शव लटक रहा है। यह देख वह सन्न रह गई और भागकर घर पहुंची।
इसकी जानकारी उसने परिजनों को दी। थोड़ी ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। सूचना बसखारी पुलिस को दी गई। एसओ जेपी सिंह पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे, और शव को नीचे उतरवाया। सभी ने शव की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं हो सकी। घटना को लेकर गांव में तरह तरह की चर्चाओं का माहौल गर्म हो गया। ज्यादातर ग्रामीणों के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग में हत्या का प्रतीत हो रहा है। असल में युवक की जेब से एक युवती का फोटो भी मिला है।
इसके अलावा जेब से पर्स व मोबाइल भी बरामद हुई है। एसओ बसखारी जेपी सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामला आत्महत्या का लग रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस शव की शिनाख्त के साथ ही घटना के कारणों का पता लगाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।