अंबेडकरनगर। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा है कि विपक्ष ने लोकसभा चुनाव से पहले ही हार स्वीकार कर ली है। मायावती व शरद पवार को निशाने पर रखते हुए कहा कि विपक्ष में ऐसे-ऐसे नेता हैं जो पीएम बनने का सपना तो देखते हैं, लेकिन चुनाव लड़ने का साहस नहीं है। वे रविवार को अकबरपुर नगर के तमसा मार्ग पर आयोजित भाजपा की विजय संकल्प सभा को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा लगातार जनसंपर्क व चुनाव प्रचार अभियान चला रही है, तो वहीं विपक्ष में ऊहापोह की स्थिति है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर पर मुरादाबाद सीट छोड़कर जाने का तंज कसते हुए कहा कि बात यहीं तक सीमित नहीं। आम जनता के रुख को देखते हुए कोई अमेठी छोड़ केरल जाने को तैयार है। डिप्टी सीएम ने कहा कि देश भर का जो मूड है उससे यह तय है कि पिछली बार प्रधानमंत्री मोदी की जो लहर थी, वह इस बार विपक्षियों पर कहर बनकर टूटने वाली है।
दावा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। विद्युतीकरण, शौचालय, आवास समेत तमाम सरकारी सुविधाओं का जिक्र करते हुए कहा कि समाज के व्यापक हित में सरकार काम कर रही है। पिछड़े वर्ग के हित में पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन हुआ तो गरीब सवर्णों का भी ध्यान रखते हुए आर्थिक आधार पर 10 प्रतिशत आरक्षण दिया। काशी व अयोध्या का जिक्र करते हुए कहा कि आस्था के इन बड़े केन्द्र में चौतरफा विकास के कार्य हो रहे हैं।
आम जनमानस से प्रदेश में भाजपा को 74 से ज्यादा सीट दिलाने का आह्वान करते हुए कहा कि इस बार ऐसा होना तय है क्योंकि चोरों की जमात एकसाथ एकत्र हो रही है। इसी को देखते हुए चौकीदारों की संख्या बढ़ानी पड़ी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चोर बोलने की आलोचना करते हुए कहा कि जब काम करने वाले प्रधानमंत्री को यह सब बोला जाता है तो आम जनता खुद ही मोर्चा संभाल लेती है।
डॉ. दिनेश ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी का परिवार है जो अभी भी सामान्य जीवन व्यतीत कर रहा है, जबकि दूसरी तरफ ऐसा परिवार है जिसका पूरा खानदान जमानत पर है। जनता यह सब अच्छे से देख रही है। इसी के चलते पूरे देश में पिछली बार से भी ज्यादा सीटें मिलेंगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह तीन अंगुलियों का प्रयोग कर यज्ञ में आहुति डाली जाती है, उसी तरह चुनाव यज्ञ में मतदान कर कांग्रेस, सपा व बसपा का स्वाहा कर देना है। उपमुख्यमंत्री ने प्रियंका गांधी वाड्रा का नाम तो नहीं लिया लेकिन इशारों में प्रहार करते हुए कहा कि कुछ लोग पिकनिक मनाने आते हैं, उन्हें भी करारा सबक सिखाना होगा।
जिला महामंत्री अवधेश द्विवेदी के संचालन में आयोजित सभा को वरिष्ठ प्रांतीय नेता सत्यदेव सिंह, सांसद डॉ. हरिओम पांडेय व जिलाध्यक्ष कपिलदेव वर्मा ने संबोधित किया। इससे पहले हवाई पट्टी पहुंचने पर इन नेताओं के अलावा टांडा विधायक संजू देवी, आलापुर विधायक अनीता कमल, भाजपा क्षेत्रीय मंत्री त्रयंबक तिवारी, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश वर्मा, राष्ट्रीय परिषद सदस्य रमाशंकर सिंह, शिवनायक वर्मा, ज्ञानसागर सिंह, रामप्रकाश यादव, डॉ. राजितराम त्रिपाठी, पूर्व विधायक त्रिवेणीराम आदि ने गर्मजोशी से उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में मणिभद्र सिंह व शशिभद्र सिंह ने साथियों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। उपमुख्यमंत्री ने दोनों नेताओं ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।