विंग कमांडर अभिनंदन की रिहाई की खबर आते ही जिले में चहुंओर जश्न का माहौल रहा। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कहीं लोगों ने आतिशबाजी की तो कहीं एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
सुबह से ही सोशल मीडिया पर विंग कमांडर की रिहाई को लेकर एक-दूसरे को मुबारकबाद देने का सिलसिला शुरू हुआ जो देर शाम तक चलता रहा। अपराह्न बाद ही विंग कमांडर की रिहाई की लाइव देखने के लिए लोग न सिर्फ टीवी से चिपके रहे बल्कि जगह जगह मोबाइल पर ही टीवी चलाकर देखा किए।
इस मौके पर लोगों का उत्साह चरम पर दिखा। गणमान्य लोगों व पूर्व सैनिकों ने विंग कमांडर के सही सलामत देश लौटने के लिए सेना व सरकार की सराहना की।
शुक्रवार सुबह समाचार पत्रों व न्यूज चैनलों के साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को जानकारी हुई कि पाकिस्तान ने विंग कमांडर अभिनंदन को देश लौटाने का निर्णय लिया है।
जिले में चारों तरफ जश्न का माहौल उत्पन्न हो गया। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह आतिशबाजी का दौर शुरू हो गया। ढोल नगाड़ों के बीच थिरकते युवाओं ने मिष्ठान का वितरण किया और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर बधाई दी।
रिहाई को लाइव देखने के लिए एक तरफ जहां लोग घरों व प्रतिष्ठानों में टीवी सेट पर चिपक गए, वहीं ज्यादातर लोग मोबाइल पर ही टीवी चलाकर अभिनंदन के अभिनंदन दृश्य को देखने के लिए लालायित दिखे।
अकबरपुर नगर के पुराने तहसील तिराहा पर भाजपा कार्यकर्ताओं व आमजन ने तिरंगा लहराकर मिष्ठान का वितरण किया। भाजपा जिलाध्यक्ष कपिलदेव वर्मा, वरिष्ठ नेता रमाशंकर सिंह, कुंवर विमलेंद्र प्रताप सिंह, मनोज गुप्ता, सुधांशु त्रिपाठी व विवेक पांडेय ने कहा कि भारतीय सेना पर गर्व है, जो मजबूत इरादों के साथ डटकर मुकाबला किया।
पूर्व सैनिक लालबिहारी सिंह, वीरेंद्र गुप्ता व राममूरत पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मजबूत कूटनीति काम आई। इसी के दबाव में आकर पाकिस्तान को विंग कमांडर अभिनंदन को सही सलामत भारत भेजने को मजबूर होना पड़ा।
इसी प्रकार की कूटनीति आगे भी बरकरार रखनी होगी। पूर्व सैनिक राजदेव तिवारी व शिवप्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि पाकिस्तान के प्रति भारत का रवैया इसी प्रकार सख्त रहना चाहिए।